रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. जिला महिला अस्पताल परिसर में एक तीमारदार के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में अस्पताल का एक वार्ड बॉय तीमारदार के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है. आरोप है कि मामूली विवाद के बाद वार्ड बॉय ने तीमारदार की पिटाई कर दी.
जिला महिला अस्पताल का बताया जा रहा ये वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया. घटना के दौरान अस्पताल में तैनात सिक्योरिटी गार्ड की मौजूदगी भी दिखाई दे रही है. इसके बावजूद मारपीट की घटना होने से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. मारपीट के पीछे की वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है. वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल में मौजूद अन्य तीमारदारों और आसपास के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. लोगों ने अस्पताल प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
इसे भी पढ़ें : अलीगढ़ में युवक को तालिबानी सजा, आधे सिर के बाल-दाढ़ी मूंछ मुंडवाकर पेड़ से बांधा, पेशाब पिलाया
मामले का संज्ञान लेते हुए रायबरेली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली नगर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. पुलिस की ओर से जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है. घटना के बाद अस्पताल आने वाले मरीजों और तीमारदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. अब देखना होगा कि जांच के बाद आरोपित वार्ड बॉय के खिलाफ अस्पताल प्रशासन और पुलिस क्या कार्रवाई करती है.


