अलीगढ़. उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में अवैध संबंधों के आरोप में एक युवक के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है. ग्रामीणों पर आरोप है कि उन्होंने युवक को पकड़कर उसके आधे सिर के बाल और दाढ़ी-मूंछ मुंड दीं, चेहरा काला किया और पेड़ से बांधकर चप्पलों से पीटा. युवक को कथित तौर पर पेशाब पिलाने का भी आरोप है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है.
इसे भी पढ़ें- ‘BJP को वोट दो, पानी में नहाते रहो’, गोरखपुर में जलभराव पर गुस्सा, व्यापारियों ने पूछा- ये स्पेन है?
जंगल में युवक को पकड़ने का आरोप
मामला अकराबाद थाना क्षेत्र के दुभिया बंजारा के सतभैया मोहल्ले का बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, खैर के बिलखोरा गांव निवासी युवक 24 सितंबर को अपनी बहन की ससुराल आया था. इसी दौरान उसके अपनी बहन की देवरानी से कथित प्रेम संबंध को लेकर विवाद सामने आया. दोनों को जंगल में आपत्तिजनक स्थिति में देखने का दावा करते हुए ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया.
पेड़ से बांधकर मारपीट का आरोप
आरोप है कि ग्रामीणों ने युवक को बंधक बनाकर उसके बाल और दाढ़ी-मूंछ आधी मुंड दीं. इसके बाद चेहरा काला कर उसे पेड़ से बांध दिया गया और चप्पलों से पीटा गया. युवक को कथित तौर पर पेशाब पिलाने का भी आरोप है. घटना के दौरान महिला के साथ भी अभद्रता किए जाने की बात सामने आई है.
पहले भी पंचायत में हुआ था मामला
बताया जा रहा है कि युवक और महिला दोनों शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं. कुछ महीने पहले दोनों के घर से चले जाने की बात सामने आई थी. करीब 15 दिन बाद लौटने पर ग्रामीणों ने पंचायत कर दोनों को चेतावनी दी थी. गुरुवार को जंगल में दोनों को देखने के बाद फिर विवाद बढ़ गया.
इसे भी पढ़ें- UP में बारिश का कहर, धान की तैयार फसल खेतों में बिछी; किसानों की बढ़ी चिंता
वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने की कार्रवाई
शनिवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. इंस्पेक्टर अकराबाद पंकज कुमार मिश्रा के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर चार महिलाओं समेत सात लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है.


