गोरखपुर. भारी बारिश के बाद गोरखपुर के साहबगंज किराना मंडी में जलभराव से नाराज व्यापारियों ने मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन की गाड़ी घेर ली. व्यापारियों ने अधिकारियों के सामने नाराजगी जताते हुए कहा कि बारिश होते ही मंडी में पानी भर जाता है और वर्षों से समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. इस दौरान किसी शख्स ने नारा लगाया- “BJP को वोट दो, पानी में नहाते रहो.”
इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में रवि किशन की BJP पार्षद से नोकझोंक, पूछे- ‘सपा जॉइन कर लिए क्या?’
व्यापारियों ने कहा- ‘मेयर साहब पानी में उतरिए’
मेयर और नगर आयुक्त शनिवार की तेज बारिश के बाद जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण कर रहे थे. साहबगंज किराना मंडी पहुंचते ही व्यापारियों ने उनकी गाड़ी रोक ली. व्यापारियों ने कहा कि पूरा नाला जाम है और कोई सुनने वाला नहीं है. उन्होंने मेयर से पानी में उतरकर समस्या देखने को कहा. व्यापारियों ने तंज कसते हुए कहा- “ये स्पेन है.”
तीन साल से जलभराव, लाखों का सामान खराब
किराना कमेटी के पूर्व अध्यक्ष उमेश मद्धेशिया ने कहा कि बारिश के दौरान मंडी में पानी भरने से व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान खराब हो जाता है. नुकसान की भरपाई व्यापारियों को अपनी जेब से करनी पड़ती है. व्यापारियों का कहना था कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि यहां पानी में उतरकर वोट मांगने आए थे, लेकिन करीब तीन साल बाद भी समस्या जस की तस है.
नया नाला बनने के बाद भी नहीं निकला पानी
व्यापार मंडल के महामंत्री मनीष गुप्ता ने कहा कि नया नाला बनने के बाद भी बारिश का पानी नहीं निकल रहा है. जलभराव को लेकर नगर निगम में कई बार शिकायत की गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ. व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बारिश के समय अस्थायी तौर पर पंप लगाकर पानी निकाला जाता है, लेकिन समस्या फिर लौट आती है. उमेश मद्धेशिया ने मंडी में 10 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का दावा किया.
इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश-चक्रवात का तांडव! 65 घंटे से लगातार बारिश, 2 दिन में 29 मौतें और 22 जिलों में बाढ़ का खतरा
मेयर बोले- पंप चलवाकर पानी निकलवाया गया
व्यापारियों ने मेयर से पानी में उतरने की मांग की, लेकिन वह गाड़ी से नीचे नहीं उतरे. मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि नगर आयुक्त को व्यापारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकालने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि व्यापारियों की मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा. जहां तक संभव हुआ, पंप चलवाकर पानी निकलवाया गया है. उन्होंने जलनिकासी व्यवस्था में लोगों की भागीदारी को भी जरूरी बताया.


