गोरखपुर. लगातार बारिश के बाद गोरखपुर के कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित है. इसी बीच बेतियाहाता वार्ड के भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी और सांसद रवि किशन के बीच फोन पर हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बातचीत की शुरुआत जलनिकासी की समस्या से हुई, लेकिन बाद में दोनों के बीच राजनीतिक तंज भी सुनाई दिया.
इसे भी पढ़े- ‘इंसाफ में देरी हुई, पर अंधेर नहीं’ 26 साल पुराने मर्डर केस में 7 दोषियों को उम्रकैद, जानें पूरा मामला
जलभराव की शिकायत पर हुई फोन पर बातचीत
पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने शहर में जलभराव की समस्या को लेकर सांसद रवि किशन से फोन पर बात की. पार्षद ने इलाके में पानी भरने और लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया. इसी दौरान रवि किशन ने उनसे पूछा, “का हो, सपा जॉइन कई लेहला का?” इसके जवाब में पार्षद ने कहा कि वह जनता की समस्या बता रहे हैं और उनसे सपा में शामिल होने की बात क्यों की जा रही है.
पार्षद ने किया बसपा का जिक्र
बातचीत के दौरान पार्षद ने पलटकर सांसद से पूछा कि “क्या आपने बसपा ज्वाइन कर ली है?” इसके बाद बातचीत में शहर की जलनिकासी और रेगुलेटर को लेकर भी चर्चा हुई. पार्षद ने आरोप लगाया कि अगर रेगुलेटर समय से चालू होते तो जलभराव की स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती. वायरल वीडियो में दोनों के बीच हुई यह बातचीत अब चर्चा का विषय बनी हुई है.
दूसरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल
इस घटनाक्रम से जुड़ा एक दूसरा वीडियो भी सामने आया है. इसमें पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी रामगढ़ताल क्षेत्र में खड़े दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में वह सांसद की मौजूदगी को लेकर सवाल उठाते हुए नजर आते हैं. हालांकि, इसी दौरान रवि किशन के जलभराव वाले इलाकों का अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने की जानकारी भी सामने आई है.
इसे भी पढ़ें- बंगाल की वो दास्तान! 17 साल पहले छूटा था धर्म, अब परिवार संग हिंदू बने ‘रफीक’ और ‘अफसरी’, मची हलचल
नगर निगम की टीमें जलनिकासी में जुटीं
भारी बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है. रवि किशन ने भी अधिकारियों और नगर निगम की टीम के साथ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया. नगर निगम की ओर से जलनिकासी के लिए मोटर और अन्य इंतजाम किए जाने की जानकारी दी गई है. गोरखपुर में जलभराव के बीच सांसद और पार्षद की फोन बातचीत ने अलग से राजनीतिक चर्चा को जन्म दे दिया है.


