लखनऊ. उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं से हालात बिगड़ गए हैं. लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या और जौनपुर समेत 45 शहरों में करीब 65 घंटे से बारिश जारी है. 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं. आंधी-बारिश से दो दिन में 29 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं 22 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें- ‘इंसाफ में देरी हुई, पर अंधेर नहीं’ 26 साल पुराने मर्डर केस में 7 दोषियों को उम्रकैद, जानें पूरा मामला
45 गुना ज्यादा बारिश से जनजीवन प्रभावित
प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 52.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 2.7 मिमी होती है. लगातार बारिश से गांवों, गलियों और मोहल्लों में पानी भर गया है. लखनऊ के कई इलाकों में घरों के किचन और बेडरूम तक पानी पहुंच गया. कई जगह कमर तक पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
गंडक बैराज के सभी 36 फाटक खोले
कुशीनगर में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद बैराज के सभी 36 फाटक खोल दिए गए. शनिवार रात करीब 3.17 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया. इसके बाद खड्डा क्षेत्र के महदेवा, शिवपुर, हरिहरपुर, नारायणपुर और मरीचहवा समेत कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया. चित्रकूट में मंदाकिनी नदी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है.
सड़कें धंसीं, पेड़-पोल गिरे, फसलें बर्बाद
बारिश और तेज हवाओं से कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गए. उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे के करीब 200 मीटर हिस्से में जलभराव हो गया. कानपुर-इटावा हाईवे का करीब 200 मीटर हिस्सा धंस गया. धान की खड़ी फसल बारिश के कारण खेतों में गिर गई हैं. फर्रुखाबाद में लोहिया अस्पताल परिसर तक पानी पहुंच गया, जबकि कन्नौज में घरों और दुकानों में पानी घुस गया. उधर देवरिया शहर और तमाम उपनगरों में सड़कों पर घुटने तक पानी देखने को मिला.
इसे भी पढ़ें- जिद बनी काल! लिव-इन में रहने पर अड़ी बहन, तो चचेरे भाई ने दुपट्टे से लिख दी खूनी कहानी
आज 66 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 66 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से बेवजह घर से बाहर न निकलने और अपनों का ख्याल रखने की अपील की है. मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से मौसम खराब हुआ है. उनके अनुसार सोमवार से मौसम में सुधार की संभावना है.
फिलहाल लोग लाइट कटौती से जूझ रहे हैं. कई जगहों पर 24-36 घंटे से लाइट नहीं आई है. ऐसे में इनवर्टर भी बैठ गए हैं. लोगों के घर की टंकी भी खाली हो गई है.


