रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के उसरैना गांव में शादी को लेकर परिजनों से नाराज एक किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई. किशोरी को टावर पर देख गांव में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. नीचे खड़े लोगों ने उसे काफी देर तक समझाने और सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन वह टावर से उतरने को तैयार नहीं हुई.

बताया जा रहा है कि किशोरी एक युवक से शादी करना चाहती थी, जबकि उसके परिजन इसके लिए राजी नहीं थे. इसी बात से नाराज होकर वह गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गई. किशोरी के टावर पर पहुंचने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए. ग्रामीणों ने उसे समझाने का प्रयास किया और नीचे उतर आने की गुहार लगाई, लेकिन काफी देर तक उनकी कोशिश कामयाब नहीं हुई.

इसे भी पढ़ें : जामिया विवाद पर सपा का बड़ा बयान, आशुतोष वर्मा बोले- छात्रसंघ चुनाव हों, लेकिन ‘फ्री कश्मीर’ बर्दाश्त नहीं!

स्थिति को गंभीर होता देख गांव का एक युवक भी टावर पर चढ़ गया. उसने किशोरी से बात कर उसे समझाया. काफी मशक्कत के बाद युवक किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रहा. उसे नीचे आते देख वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. घटना की सूचना मिलने पर एनटीपीसी चौकी इंचार्ज संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने किशोरी को समझाया-बुझाया और बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया. घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और गांव में कौतुहल का माहौल बना रहा.