लखनऊ. समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने केरलम के राज्यपाल के कथित ‘केवल शाकाहारी रसोई’ वाले आदेश पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है. हर व्यक्ति को अपनी पसंद के अनुसार खाने की आजादी है. उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रों के विरोध प्रदर्शन और छात्रसंघ चुनाव की मांग पर भी अपनी बात रखी. सपा प्रवक्ता ने छात्रसंघ चुनाव का समर्थन किया. साथ ही ‘फ्री कश्मीर’ जैसे नारों को गलत बताया.
इसे भी पढ़ें- MLC चुनाव में फिर होगा मतदान? इन बूथों पर पुनर्मतदान की संस्तुति
नॉनवेज खाना निजी पसंद का मामला
आशुतोष वर्मा ने कहा कि अगर केरलम के राज्यपाल को नॉनवेज पसंद नहीं है, तो वह इसे नहीं खाएंगे और अपने किचन में नहीं बनवाएंगे. यह उनकी निजी पसंद है. उन्होंने कहा कि कई सनातनी परिवारों में भी नॉनवेज नहीं बनता, लेकिन लोग बाहर जाकर इसे खाते हैं. ऐसे में इस विषय को बड़ा मुद्दा बनाने की जरूरत नहीं है.
चुनावी मुद्दों पर चर्चा करने की अपील
सपा प्रवक्ता ने कहा कि देश में कई बड़े मुद्दे हैं, जिन पर चर्चा होनी चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि खाने-पीने की पसंद को मुद्दा बनाकर जरूरी विषयों से ध्यान क्यों हटाया जा रहा है. हर व्यक्ति को यह तय करने की आजादी होनी चाहिए कि वह क्या खाएगा और क्या नहीं.
जामिया में छात्रसंघ चुनाव का समर्थन
जामिया मिल्लिया इस्लामिया में जारी विरोध प्रदर्शन पर आशुतोष वर्मा ने कहा कि इसे दूसरे मुद्दों से अलग करके देखना चाहिए. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं. छात्र अपनी आवाज उठाना चाहते हैं. छात्रसंघ मेस, हॉस्टल और फीस से जुड़े मामलों में छात्रों की समस्याएं उठाता है. इसलिए वहां चुनाव होने चाहिए. सपा इस मांग के समर्थन में है.
इसे भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा: मां ने डांटा तो 21वीं मंजिल से कूद गई! 13 साल की छात्रा की मौत
‘फ्री कश्मीर’ के नारे को बताया गलत
आशुतोष वर्मा ने कहा कि ‘फ्री कश्मीर’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल सही नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और हमेशा रहेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी विपक्षी गठबंधन को भारत विरोधी ताकतों से जोड़ने का नैरेटिव बनाती है. तथ्यों की जांच करने पर तस्वीर अलग सामने आ सकती है.

