ग्रेटर नोएडा. ग्रेटर नोएडा की महागुन मायवुड्स सोसायटी में 13 साल की छात्रा की मौत से हड़कंप मच गया. कक्षा आठ में पढ़ने वाली प्रियांशी शुक्रवार (23 अक्टूबर) सुबह मृत मिली. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह सोसायटी की 21वीं मंजिल से नीचे गिरी थी. परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मोबाइल फोन चलाने की आदत और मां की डांट को लेकर चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इन्हें मौत की वजह नहीं माना है.
इसे भी पढ़ें- यूपी के इन कर्मचारियों की सैलरी 60% तक बढ़ाने का प्रस्ताव, जनवरी से मिलेगा एरियर
मंथन स्कूल में पढ़ती थी छात्रा
प्रियांशी के पिता प्रदीप सिसोदिया नोएडा के सेक्टर-63 स्थित एक आईटी कंपनी में काम करते हैं. परिवार मूल रूप से फर्रुखाबाद का रहने वाला है. वह गौड़ सिटी-2 के सेक्टर-16सी स्थित महागुन मायवुड्स सोसायटी में रहते हैं. प्रियांशी मंथन स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा थी. वह अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। उसकी मां गृहिणी हैं.
तड़के घर से निकली थी किशोरी
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार तड़के करीब 3:15 बजे किशोरी घर से निकली थी. बताया गया कि वह लिफ्ट से सोसायटी की 21वीं मंजिल पर पहुंची. इसके बाद वह वहां की लॉबी से नीचे गिर गई. घटना के बाद सुबह परिजनों को पता चला कि वह घर में नहीं है. तलाश के दौरान उन्हें हादसे की जानकारी मिली.
मां की डांट की बात आई सामने
परिजनों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि गुरुवार को मां ने किसी बात पर किशोरी को डांटा था. मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर भी चर्चा सामने आई है. हालांकि, पुलिस ने इन बातों को मौत का कारण नहीं बताया है. घटना के बाद परिवार सदमे में है.
इसे भी पढ़ें- यूपी: POCSO पीड़िता को 3 लाख रुपये मुआवजा देना होगा, मेडिकल रिपोर्ट में चोट नहीं मिलने पर भी हाईकोर्ट का आदेश
पुलिस ने शुरू की जांच
बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. थाना प्रभारी रंजीत सिंह के मुताबिक, फिलहाल परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. मौत की असल वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.

