रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. आगामी विधानसभा चुनाव से पहले रायबरेली में वैश्य समाज ने राजनीतिक दलों की चिंता बढ़ा दी है. रिफार्म क्लब में आयोजित वैश्य एकता परिषद के महासम्मेलन में समाज के नेताओं ने साफ कहा कि अब वैश्य समाज किसी भी राजनीतिक दल का बंधुआ मतदाता नहीं रहेगा. समाज उसी दल का समर्थन करेगा, जो उसे सम्मान, भागीदारी और टिकट देगा.
परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी का नाम लेते हुए कहा कि जनसंघ के दौर से ही वैश्य समाज ने पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई. समाज ने चुनाव हारने की संभावना के बावजूद पार्टी के लिए काम किया और चुनाव भी लड़ा, लेकिन अब राजनीतिक उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि विधान परिषद में वैश्य समाज को एक भी टिकट नहीं दिया गया. उत्तर प्रदेश की वैश्य बहुल विधानसभा सीटों पर भी समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला. डॉ. गुप्ता ने कहा कि अब समाज अपना राजनीतिक हित देखेगा और जिस दल से सम्मान और टिकट मिलेगा, उसी के साथ जाने का निर्णय लिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : भ्रष्ट भाजपाई और उनके षड्यंत्रकारी संगी-साथी…MLC चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए अखिलेश ने साधा निशाना, जानिए क्यों कहा ‘हाता नहीं भाता’?
“उपेक्षा का खामियाजा भुगतेंगे दल”
महाराजगंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू ने कहा कि आर्थिक रूप से देश और समाज को मजबूत करने वाले वैश्य समाज की उपेक्षा अब राजनीतिक दलों को महंगी पड़ेगी. उन्होंने कहा कि समाज अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर अपनी राजनीतिक भूमिका तय कर चुका है. परिषद के राष्ट्रीय महासचिव इंजीनियर विजय रस्तोगी ने कहा कि महासम्मेलन के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनाव में समाज की भूमिका तय करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. उन्होंने संकेत दिया कि अब वैश्य समाज किसी दल के साथ परंपरागत रूप से नहीं, बल्कि अपने हितों के आधार पर निर्णय लेगा.
परिषद के जिला अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि आगामी चुनाव में रायबरेली का राजनीतिक माहौल बदला हुआ नजर आएगा. उन्होंने दावा किया कि समाज का यह रुख राजनीतिक दलों के लिए चौंकाने वाला साबित होगा.
एक मंच पर दिखे अलग-अलग दलों से जुड़े नेता
महासम्मेलन में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े वैश्य समाज के नेता एक मंच पर नजर आए. कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कौशल, सरिता साहू के प्रतिनिधि प्रभात साहू, लालगंज नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता गुप्ता, ऊंचाहार नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल, फतेहपुर विधायक विकास गुप्ता, आर.बी. वैश्य, फूलचंद्र अग्रहरि, राजेंद्र वैश्य, अतुल गुप्ता, दीपेंद्र गुप्ता, कृष्ण चंद्र जायसवाल, डॉ. जे.के. गुप्ता, वीरेंद्र कुमार अग्रहरि, सुधीर गुप्ता, आलोक गुप्ता एडवोकेट और शिवसागर अग्रहरि सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे.
महासम्मेलन में वैश्य समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, टिकट वितरण और आगामी विधानसभा चुनाव में समाज की रणनीति को लेकर मंथन किया गया. नेताओं के बयानों से साफ है कि समाज अब केवल समर्थन देने के बजाय राजनीतिक हिस्सेदारी और सम्मान की मांग को चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है.

