लखनऊ. अखिलेश यादव ने एमएलसी चुनाव में भाजपा पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए हमला बोला है. उन्होंने कहा कि भ्रष्ट भाजपाई और उनके षड्यंत्रकारी संगी-साथी और संलिप्त अधिकारी एमएलसी चुनाव जीतने के लिए जिस हद तक गिर सकते थे गिर गए हैं. डॉ. संजयन त्रिपाठी को हराने की साज़िश सबके सामने खुल गई है. डॉ. संजयन त्रिपाठी को मतगणना में घपला करके हराने का कारण सिर्फ़ ये नहीं है कि वो सपा के उम्मीदवार हैं, बल्कि इसके पीछे ‘हाता नहीं भाता’ मुख्य कारण है.
इसे भी पढ़ें- न स्पष्ट दृष्टि थी, न कोई… वैश्विक निवेश को लेकर सपा पर CM योगी ने कसा तंज, रोजगार और वन ट्रिलियन इकॉनमी पर दिया बड़ा बयान
आगे अखिलेश यादव ने कहा कि राजनीति के मामले में भाजपा पातालमुखी हो चुकी है. इतनी बड़ी जालसाज़ी के बाद जनता को ये समझ आ गया है कि भाजपा दरअसल हर सीट पर हारी है. भाजपाई वोट से नहीं खोट से जीतते हैं. डॉ. संजयन त्रिपाठी जी का जिस प्रकार उत्पीड़न किया गया है, उसे उनका पूरा समाज देख रहा है. डॉ त्रिपाठी जी के आंसू उनका समाज और प्रदेश का कोई शिक्षक नहीं भूलेगा.
इसे भी पढ़ें- आधार से जुड़ेगी वोटर लिस्ट तो खत्म होगा फर्जीवाड़ा? इमरान मसूद के बयान से छिड़ सकती है नई बहस
अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि शिक्षकों को भाजपा में अपमान के सिवा कुछ और नहीं मिला है. शिक्षकों से चारा इकट्ठा करने तक का जो निकृष्टतम अवांछित काम करवाने का षड्यंत्र किया गया, उसे हर शिक्षक हमेशा याद रखेगा और 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को हराकर अपना ‘गुरु संकल्प’ पूरा करेगा. भाजपा की चार सौ बीसी, चार सौ तीन सीटों पर नहीं चलेगी. हम डॉ. संजयन त्रिपाठी जी और उनके समाज के साथ हो रहे हर अन्याय और उत्पीड़न के विरुध्द, भाजपा के ख़िलाफ़ साथ में खड़े हैं और खड़े रहेंगे.

