Rajasthan News: अजमेर के पुष्कर में चल रहा कांग्रेस का 10 दिनों का महामंथन सोमवार को खत्म हो गया। इस कैंप के आखिरी दिन दिल्ली से सीधे राहुल गांधी तिलोरा रोड स्थित रिजॉर्ट पहुंचे। उन्होंने राजस्थान और दिल्ली के 64 जिला अध्यक्षों के सामने प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की जमकर तारीफ की। राहुल से मिली इस थपकी के बाद दोनों नेता गदगद हैं और राजस्थान की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

कैंप के बंद कमरे से जो खबर निकलकर आ रही है, उसके मुताबिक राहुल गांधी ने साफ-साफ कह दिया है कि अब पैरवी से नेताओं को पद नहीं मिलेगा। राहुल ने जिला अध्यक्षों को दो टूक लहजे में कहा कि जो नेता फील्ड में रहेगा, जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा होगा, उसी को इनाम मिलेगा। कांग्रेस तपस्या की पार्टी है, इसलिए सबको अब जमीन पर पसीना बहाना ही होगा।
भजनलाल सरकार पर डोटासरा का तीखा हमला
शिविर के समापन के बाद डोटासरा और जूली ने किशनगढ़ एयरपोर्ट और पुष्कर में मीडिया से बात की। डोटासरा ने सीधे सीएम भजनलाल शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री तो बना दिया, लेकिन वे सरकार चला नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेपर लीक, दुष्कर्म और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जनता को पानी और बिजली तक नहीं मिल रही है। अब कांग्रेस इन नाकामियों को लेकर सीधे जनता के बीच जाएगी।
गौमाता और सनातन के नाम पर जूली का तंज
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी बीजेपी को आड़े हाथों लिया। जूली ने कहा कि बीजेपी में आधे से ज्यादा लोग दूसरी पार्टियों से आए हैं, उनकी खुद की कोई विचारधारा नहीं बची। वे रविवार को पुष्कर ब्रह्मा मंदिर दर्शन करने गए थे, वहां के हालात बेहद खराब हैं। बीजेपी सिर्फ वोट के लिए गाय और धर्म की बात करती है, लेकिन आज धरातल पर गौमाता भूखी मर रही हैं।
अब ब्लॉक स्तर पर शुरू होगा संगठन सृजन
कैंप के प्रभारी सचिन राव और विक्रम स्वामी की देखरेख में चले इस 10 दिवसीय शिविर में संविधान, बेरोजगारी और संगठन की मजबूती पर क्लास ली गई। टीकाराम जूली ने बताया कि जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है। अब बहुत जल्द इसका रोडमैप तैयार कर जिला और ब्लॉक स्तर पर भी ऐसे ही कैंप लगाए जाएंगे, ताकि हर बूथ पर कार्यकर्ताओं को एक्टिव किया जा सके।
पढ़ें ये खबरें
- पूर्व विधायक शैलेश पांडेय का BJP पर निशाना, कहा- नेताओं में आपस में नहीं बन रही, इसलिए नहीं हो सका बिलासपुर का विकास
- CGPSC भर्ती में गड़बड़ी पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, कहा- सरकार को करानी चाहिए निष्पक्ष जांच
- कोठी के गरबा में दिखा राज्यमंत्री का अलग अंदाज, प्रतिमा बागरी ने प्रतिभागियों संग किया डांडिया नृत्य
- ग्रेटर नोएडा केस: पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सगी बहन-बहनोई गिरफ्तार, 5 मौतों का गुनहगार कौन?
- MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 4 IAS अफसरों का तबादला, जानिए किसे कहां भेजा गया
