Bihar News: संसद में इन दिनों मानसून सत्र चल रहा है। इस बीच कल बुधवार को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने परीक्षा संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान ‘इडियट’ और ‘अंधभक्त’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसे लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ है। इसे लेकर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और राहुल गांधी के बीच भी काफी कहासुनी हुई। वहीं, स्पीकर ओम बिरला ने राहुल गांधी को संसदीय मर्यादा का पालन करने की नसीहत देते हुए विवादित टिप्पणियों को रिकॉर्ड से हटाने का निर्देश दिया।
राहुल को शब्दों का पता नहीं- संजय जायसवाल
वहीं, राहुल गांधी के इस टिप्पणी पर अब भी सियासत देखने को मिल रही है। भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने राहुल गांधी के बयान पर कहा कि, जब उन्होंने भाषण की शुरूआत की, उन्होंने पहले छात्र के बारे में कहा फिर खुद के बारे में कहा। पांच बार के सांसद रहते हुए उन्हें ये नहीं पता कि किन शब्दों का प्रयोग सदन में करना चाहिए। हम लगातार उसी का विरोध कर रहे थे। वे किसी भी शब्द का चयन कर सकते थे जिसकी संसद में अनुमति हो लेकिन जानबूझकर उन्होंने ऐसे शब्दों का प्रयोग किया। जो गोली चली ही नहीं है, उसके बारे में वे बात कर रहे हैं।
राहुल को समझ नहीं- संजय झा
वहीं, जदयू के संजय कुमार झा ने कहा कि, राहुल गांधी ने कल जिस प्रकार की भाषा का अपने भाषण में प्रयोग किया, लोग समझ रहे हैं कि वे क्या बोलना चाहते हैं। उन्हें शर्म आनी चाहिए। जब कोई घटना होती है तो पुलिस की जवाबदेही हो जाती है कि परिस्थिति हाथ से ना निकलें…उन (राहुल गांधी) पर ज्यादा कुछ नहीं बोला जा सकता है। क्योंकि ये सब उनकी समझ से बाहर है, जिस तरह की भाषा का उन्होंने इस्तेमाल किया है, उसके लिए उन्हें सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- Bankipur By-Election Voting: बांकीपुर में वोटिंग की रफ्तार धीमी, 11 बजे तक सिर्फ 11.50% मतदान


