Bihar News: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से एक बार फिर सियासी ड्रामा देखने को मिली। दरअसल लगातार तीसरे साल कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने इस महत्वपूर्ण सरकारी समारोह से दूरी बनाए रखी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समारोह में शामिल नहीं हुए। लाल किले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की अनुपस्थिति पर बिहार के नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।

रामकृपाल यादव ने बताया अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण

बिहार सरकार में मंत्री और भाजपा नेता रामकृपाल यादव ने कहा कि, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे नेता प्रतिपक्ष हैं। कभी उनकी बड़ी पार्टी थी, जो अब नहीं रही, उसके नेता हैं। कांग्रेस का लंबा इतिहास रहा है। ये सरकार का कार्यक्रम था, राष्ट्र के लिए समर्पित था, किसी पार्टी का कार्यक्रम नहीं था। वहां राहुल गांधी और उनकी पार्टी के अध्यक्ष का नहीं जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

वहीं, कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के गाने पर हुए विवाद और वरिष्ठ नेताओं सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर उन्होंने कहा कि, ये दुर्भाग्यपूर्ण है। सोनिया गांधी ने यदि कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में वंदे मातरम के गायन के दौरान कुछ किया है, तो ये दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता सब देख रही है।

लोकतंत्र में ऐसे व्यवहार की जरूरत नहीं- विजय सिन्हा

वहीं, मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि, ये दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतंत्र में इस तरह के व्यवहार की जरूरत नहीं है। विचार में अंतर हो सकता है, लेकिन राष्ट्र प्रथम का भाव सभी के अंदर होना चाहिए, राष्ट्रवाद का भाव सभी के अंदर होना चाहिए। यह सोने की चम्मच लेकर जन्म लेने वाले लोगों की मानसिकता को झलकाता है।

जानें कांग्रेस का क्या है कहना?

बता दें कि इसे पूरे विवाद की वजह लाल किले पर बैठने की जगह को बताया जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कैबिनेट मंत्री का दर्जा रखने वाले राहुल गांधी को प्रोटोकॉल के मुताबिक पहली पंक्ति में जगह मिलनी चाहिए थी, लेकिन उन्हें दूसरी कतार में पीछे की सीट दी गई। कांग्रेस ने इसे राहुल गांधी के साथ-साथ लोकतंत्र और जनता का अपमान बताया। वहीं, सरकार का कहना है कि बैठने की व्यवस्था प्रोटोकॉल के तहत की गई है। फिलहाल यह विवाद और तूल पकड़ता हुआ दिखाई दे रहा है।

ये भी पढ़ें- बिहार की धरती से देशभर में लॉन्च होगा ELC 2.0 , ज्ञानेश कुमार ने बताया बड़ा प्लान