राहुल गांधी की भगवान परशुराम वाली तस्वीरों पर हरियाणा भाजपा ने कांग्रेस पर धार्मिक आस्थाओं के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाया है। इस विवाद ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। राहुल गांधी को भगवान परशुराम के रूप में दर्शाने और उससे जुड़े एक कार्यक्रम की तस्वीरों को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। हरियाणा भाजपा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि वोट बैंक की राजनीति के लिए कांग्रेस अब हिंदू आस्था और धार्मिक प्रतीकों का भी राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। भाजपा ने इसे करोड़ों सनातनियों की भावनाओं से जुड़ा विषय बताते हुए कांग्रेस से जवाब मांगा है।

हरियाणा भाजपा की ओर से जारी प्रतिक्रिया में कहा गया कि राहुल गांधी को भगवान परशुराम के स्वरूप में दिखाना, उनकी तस्वीर की आरती उतारना और उसे धार्मिक प्रतीकों से जोड़ना सनातन परंपराओं का सम्मान नहीं, बल्कि उनका राजनीतिक उपयोग है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक आस्था को भी चुनावी रणनीति का हिस्सा बनाने का प्रयास कर रही है।

भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता अब ऐसे प्रयासों को समझ रही है और धार्मिक भावनाओं के राजनीतिक उपयोग को स्वीकार नहीं करेगी। पार्टी का कहना है कि भगवान परशुराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और किसी भी राजनीतिक नेता की तुलना या प्रस्तुति उस स्वरूप में करना उचित नहीं माना जा सकता।

वहीं राजनीतिक जानकार इस पूरे विवाद को केवल धार्मिक नहीं, बल्कि व्यापक राजनीतिक संदर्भ में भी देख रहे हैं। उनका मानना है कि आगामी चुनावी चुनौतियों और बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच सभी दल विभिन्न सामाजिक और धार्मिक वर्गों तक अपनी पहुंच मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में धार्मिक प्रतीकों से जुड़े किसी भी घटनाक्रम पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं स्वाभाविक रूप से तेज हो जाती हैं।

हरियाणा के राजनीतिक परिदृश्य में भी इस मुद्दे ने नई बहस छेड़ दी है। भाजपा जहां इसे सनातन आस्था से जोड़कर कांग्रेस को घेरने का प्रयास कर रही है, वहीं कांग्रेस की ओर से इस मामले में क्या प्रतिक्रिया आती है, उस पर भी राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं। फिलहाल राहुल गांधी से जुड़ी तस्वीरों और उन पर भाजपा की प्रतिक्रिया ने राष्ट्रीय स्तर के मुद्दे को हरियाणा की राजनीति में भी चर्चा का केंद्र बना दिया है।