कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आज राजस्थान के कोटा में आयोजित होने जा रही ‘छात्रों की गूंज’ महारैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। रैली को छात्र-युवा मुद्दों और शिक्षा से जुड़े सवालों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
महारैली से पहले कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने युवाओं और छात्रों से विशेष अपील करते हुए अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान किया है। दीपेंद्र हुड्डा ने अपने संदेश में कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए युवाओं को इस रैली का हिस्सा बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश का युवा आज रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, भर्ती प्रक्रियाओं और भविष्य की संभावनाओं जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर चिंतित है। ऐसे में युवाओं की आवाज को एक मंच पर लाने और उनकी मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से इस महारैली का आयोजन किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि ‘छात्रों की गूंज’ महारैली में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। रैली के दौरान शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता तथा छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा किए जाने की संभावना है।
राजनीतिक दृष्टि से भी इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राहुल गांधी की मौजूदगी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की भागीदारी के चलते यह रैली राष्ट्रीय राजनीति में भी चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों के कांग्रेस नेताओं ने भी युवाओं से कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है। कांग्रेस का कहना है कि यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का मंच है।

