दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा से जुड़े थप्पड़ कांड को लेकर सियासत गरमा गई है। मामले में अब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दिल्ली सरकार और मंत्री पर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने लिखा कि एक वीडियो में दिल्ली सरकार के मंत्री एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि युवक का अपराध सिर्फ इतना था कि वह सड़क की खुदाई और निर्माण कार्य का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था।
राहुल गांधी ने आगे लिखा कि सड़क पर सवाल पूछने पर थप्पड़, पेपर लीक पर सवाल पूछने पर लाठी और संसद में सवाल पूछने पर माइक बंद किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को जनता के सवालों के बजाय उसकी “खामोशी और अंधभक्ति” चाहिए। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में ‘वोट चोरी’ का भी जिक्र किया और इसे सरकार के कथित अहंकार से जोड़ा।
AAP ने मंत्री को हटाने की मांग की
घटना का वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली सरकार पर हमला बोला। AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल, पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं ने वीडियो साझा कर घटना की निंदा की। AAP नेताओं ने प्रवेश वर्मा को कैबिनेट से हटाने की मांग की है। केजरीवाल ने सोमवार को घटनास्थल का दौरा करने की बात कही थी।
प्रवेश वर्मा ने दी सफाई
प्रवेश वर्मा ने घटना पर कहा कि जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि AAP विधायक जरनैल सिंह सड़क निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे थे और उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे थे। मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि उनके और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।
पीड़ित ने क्या कहा?
पीड़ित साहिब सिंह का दावा है कि वह विधायक जरनैल सिंह के सोशल मीडिया अकाउंट संभालते हैं और सड़क की खराब गुणवत्ता का वीडियो लाइव कर रहे थे। उनके मुताबिक, इसी दौरान मंत्री ने उनका फोन छीना और उनके साथ मारपीट की।
इस मामले में विकासपुरी थाने में प्रवेश वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने रविवार रात थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे AAP नेताओं और समर्थकों को हिरासत में लिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


