Karnataka Lokayukta Raid: कर्नाटक लोकायुक्त ने बुधवार को भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets) के मामलों में राज्यभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 सरकारी अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई बेंगलुरु सिटी, बेंगलुरु साउथ, रायचूर, चित्रदुर्ग, तुमकुरु, शिवमोगा और कलबुर्गी समेत कई जिलों में की गई।

लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, सभी अधिकारियों पर अपनी वैध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का संदेह है। छापेमारी के दौरान कृषि विभाग की कृषि विस्तार अधिकारी (AEO) पुष्पा डी.आर. के आवास से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण और भारी नकदी बरामद हुई है। बरामद गहनों का मूल्यांकन करने के लिए सुनार को बुलाया गया है, जबकि नकदी और अन्य संपत्तियों की गिनती का कार्य जारी है। जांच पूरी होने के बाद बरामद संपत्ति का वास्तविक मूल्य सामने आएगा।

लोकायुक्त की कार्रवाई के दायरे में आए अधिकारियों में कृष्णा भाग्य जल निगम लिमिटेड, रायचूर के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर बसनगौड़ पाटिल, कृषि इंजीनियरिंग (बागवानी) विश्वविद्यालय, चित्रदुर्ग के असिस्टेंट प्रोफेसर शंकर एम, वॉटरशेड डेवलपमेंट विभाग, चित्रदुर्ग के रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर दुग्गप्पा बी.एच., बेंगलुरु पीडब्ल्यूडी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नरेंद्र कुमार, केआरआईडीएल बेंगलुरु रेंज के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर प्रवीण बी. श्री हरि तथा बेंगलुरु एपीएमसी की डिप्टी डायरेक्टर (प्रशासन) पुष्पा डी.आर. शामिल हैं।

इसके अलावा तुमकुरु के माइनर इरिगेशन विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर मधुसूदन एन., बेंगलुरु साउथ के कुंबलगोडु पंचायत के पीडीओ थिम्मे गौड़ा, शिवमोगा फॉरेस्ट रिसर्च डिवीजन के असिस्टेंट कंजरवेटर किरण अंगड़ी और कलबुर्गी जीईएससीओएम के असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) अमृत राव के परिसरों की भी तलाशी ली गई।

लोकायुक्त की टीमें सभी अधिकारियों की चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों, दस्तावेजों और निवेश संबंधी रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि संबंधित अधिकारियों की घोषित आय और उनके पास मौजूद संपत्ति में कोई असंगति तो नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m