रांची। अगर आप अगले कुछ दिनों में ट्रेन से सफर करने वाले हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में 7 से 13 सितंबर तक रोलिंग ब्लॉक के चलते कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। विकासात्मक और तकनीकी कार्यों के कारण कुछ ट्रेनें अपने गंतव्य स्टेशन तक नहीं जाएंगी, जबकि कुछ का परिचालन बीच के स्टेशनों तक ही किया जाएगा।

इस बदलाव का असर झारखंड से होकर गुजरने वाली ट्रेनों पर पड़ेगा। खासकर रांची, जमशेदपुर, चक्रधरपुर और आसपास के यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले ट्रेन का अपडेट जरूर देखना होगा।

खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस का बदला संचालन

रेलवे के अनुसार खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस 7, 9, 12 और 13 सितंबर को हटिया तक नहीं जाएगी। इन तारीखों पर ट्रेन आद्रा तक ही संचालित होगी। आद्रा और हटिया के बीच ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा।

गोमो की जगह महुदा पर खत्म होगी मेमू

चक्रधरपुर-गोमो मेमू पैसेंजर भी 8, 11 और 13 सितंबर को गोमो तक नहीं जाएगी। इन दिनों ट्रेन की यात्रा महुदा स्टेशन पर ही समाप्त कर दी जाएगी। महुदा से गोमो के बीच ट्रेन रद्द रहेगी।

इसके अलावा टाटानगर-आसनसोल मेमू का परिचालन भी 11 और 13 सितंबर को प्रभावित रहेगा। ट्रेन को इन दोनों तारीखों पर आद्रा में ही समाप्त किया जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों को किया अलर्ट

परिचालन में बदलाव को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए NTES और रेलवे हेल्पलाइन की मदद ली जा सकती है।

स्टेशनों पर पूछताछ काउंटरों को भी यात्रियों की सहायता के लिए सक्रिय रखा गया है। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे बदले हुए शेड्यूल की जानकारी लेकर ही घर से निकलें, ताकि रास्ते में अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।