धनबाद। रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। अमृतसर-जालंधर रेलखंड में ट्रैफिक ब्लॉक और दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते सितंबर और अक्टूबर में कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। जम्मूतवी की दो ट्रेनों का रूट बदलेगा, जबकि झाड़ग्राम मेमू समेत चार ट्रेनें अलग-अलग तारीखों पर रद्द रहेंगी। वहीं धनबाद-आदित्यपुर स्वर्णरेखा एक्सप्रेस को कुछ दिनों तक आद्रा तक ही चलाया जाएगा।

जम्मूतवी-टाटानगर एक्सप्रेस का बदलेगा रूट

7 अक्टूबर को 18102 जम्मूतवी-टाटानगर एक्सप्रेस पठानकोट-मुकेरियां-जालंधर कैंट के रास्ते चलेगी। इस दौरान दिनानगर, गुरदासपुर, धारीवाल, बटाला, अमृतसर, ब्यास और जालंधर सिटी स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव नहीं होगा।

वहीं 6 और 8 अक्टूबर को 18309 संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस जालंधर कैंट, मुकेरियां और पठानकोट होकर चलेगी। इस ट्रेन का जालंधर सिटी, ब्यास, अमृतसर, बटाला, धारीवाल, गुरदासपुर और दिनानगर में ठहराव नहीं होगा।

झाड़ग्राम मेमू समेत चार ट्रेनें रहेंगी रद्द

चक्रधरपुर मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 68085 टाटा-बरकाकाना मेमू 19 से 22 सितंबर तक और 68085 बरकाकाना-टाटा मेमू 20 से 23 सितंबर तक रद्द रहेगी।इसके अलावा 18019 झाड़ग्राम-धनबाद मेमू और 18020 धनबाद-झाड़ग्राम मेमू 22 सितंबर को रद्द रहेंगी।

स्वर्णरेखा एक्सप्रेस आद्रा तक ही चलेगी

20 से 22 सितंबर तक धनबाद-आदित्यपुर स्वर्णरेखा एक्सप्रेस आद्रा तक ही चलेगी। वापसी में ट्रेन आद्रा से धनबाद तक संचालित होगी। इस दौरान आद्रा और आदित्यपुर के बीच ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा।रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन और रूट की जानकारी जांच लेने की अपील की है।