चक्रधरपुर। अगर आप 19 या 20 सितंबर को झारखंड, बंगाल या ओडिशा की ओर रेल यात्रा करने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। बालिचक रोड रेलवे फाटक नंबर-52 पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए स्टील गर्डर लगाने का काम किया जाना है। इसके चलते दक्षिण पूर्व रेलवे ने दो दिनों के लिए कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है।

निर्माण कार्य के दौरान कुल 20 ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि तीन एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके निर्धारित मार्ग के बजाय वैकल्पिक रूट से चलाया जाएगा।

19 सितंबर को इन ट्रेनों पर पड़ेगा असर

19 सितंबर को हावड़ा-पुरी, हावड़ा-जगदलपुर, हावड़ा-हटिया, हावड़ा-चक्रधरपुर और हावड़ा-बोकारो स्टील सिटी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा। इसके अलावा पुरी-दीघा एक्सप्रेस और हावड़ा-खड़गपुर ईएमयू लोकल भी नहीं चलेगी।

रद्द ट्रेनों में शामिल हैं:

12837/12838 हावड़ा-पुरी-हावड़ा एक्सप्रेस
18005/18006 हावड़ा-जगदलपुर-हावड़ा संबलेश्वरी एक्सप्रेस
18615/18616 हावड़ा-हटिया-हावड़ा एक्सप्रेस
18011/18012 हावड़ा-चक्रधरपुर-हावड़ा एक्सप्रेस
18013/18014 हावड़ा-बोकारो स्टील सिटी-हावड़ा एक्सप्रेस
22890 पुरी-दीघा एक्सप्रेस
38725 हावड़ा-खड़गपुर ईएमयू लोकल
20 सितंबर को भी कई लोकल ट्रेनें रहेंगी बंद

20 सितंबर को दीघा-पुरी एक्सप्रेस के अलावा हावड़ा-मिदनापुर और खड़गपुर-हावड़ा समेत कई ईएमयू लोकल ट्रेनों को रद्द किया गया है।

इस दिन प्रभावित ट्रेनों में 22889, 38801, 38803, 38702, 38704, 38705, 38706 और 38802 शामिल हैं।

तीन एक्सप्रेस ट्रेनों का बदलेगा रास्ता

रेलवे ने तीन एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने के बजाय डायवर्टेड रूट से चलाने का फैसला किया है।22502 न्यू तिनसुकिया-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस और 22504 डिब्रूगढ़-कन्याकुमारी एक्सप्रेस 18 सितंबर को रामपुरहाट-सैंथिया-अंडाल-आसनसोल-बर्नपुर-आद्रा-मिदनापुर-हिजली होकर चलेंगी।

वहीं 15643 पुरी-कामाख्या एक्सप्रेस 19 सितंबर को हिजली-मिदनापुर-आद्रा-आसनसोल-हावड़ा होकर अपने गंतव्य तक जाएगी।

यात्रियों की बढ़ सकती है परेशानी

बालिचक रोड रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण से जुड़ा यह कार्य पूरा होने तक रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। ट्रेनों के रद्द और डायवर्ट होने से झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में यात्रा पर निकलने से पहले यात्री अपनी ट्रेन की स्थिति और रूट की जानकारी जरूर जांच लें।