हरियाणा में सोमवार को कई जिलों में बारिश हुई। सोनीपत, यमुनानगर और टोहाना में तेज बारिश दर्ज की गई। पानीपत के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में 13 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

सोनीपत में बारिश से कई जगह जलभराव
सोनीपत में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया। गोहाना की पुरानी सब्जी मंडी में भी जलभराव की स्थिति बन गई। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
टोहाना में मकान की छत गिरी, मां-बेटी घायल
फतेहाबाद के टोहाना में सोमवार दोपहर एक मकान की छत गिर गई। मलबे के नीचे दबने से मां-बेटी घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डबवाली में बारिश के बाद घना कोहरा
सिरसा के डबवाली में रविवार को हुई तेज बारिश के बाद सोमवार सुबह मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। सुबह करीब 10 बजे तक इलाके में घना कोहरा छाया रहा। इससे दृश्यता प्रभावित हुई।
13 अगस्त तक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में 13 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। 9 अगस्त को जारी अधिकतम तापमान की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 2.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।
हालांकि, तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। बारिश और बादलों के कारण आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


