परवेज खान, यमुनानगर। यमुनानगर में बीती रात हुई तेज बारिश के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। सिविल अस्पताल की करीब 100 फीट लंबी बाउंड्री वॉल अचानक तेज आवाज के साथ गिर गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
यह दीवार कुछ ही महीने पहले बनाई गई थी, लेकिन इसके गिरने के बाद निर्माण की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
पहले से थी दरारें, कई बार दी गई थी शिकायत
स्थानीय लोगों के अनुसार, ग्रीन पार्क कॉलोनी से सटी इस दीवार में पिछले लगभग चार महीनों से दरारें और गैप लगातार बढ़ रहे थे। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग और पीडब्ल्यूडी को कई बार शिकायत दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
कॉलोनी में डर का माहौल
दीवार गिरने के बाद अब आसपास के ग्रीन पार्क कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल है। लोगों को आशंका है कि आगे बारिश या मानसून के दौरान उनके मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तुरंत स्थायी समाधान जरूरी है।

अधिकारियों की प्रतिक्रिया
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए यमुनानगर की डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुशीला सैनी ने बताया कि मामले की जानकारी पीडब्ल्यूडी विभाग को दे दी गई है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि आगे किसी प्रकार का नुकसान न हो।
स्थानीय लोगों की मांग
निवासियों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि इस मामले को प्राथमिकता से लेते हुए जल्द मरम्मत और सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

