रायपुर। राजधानी रायपुर में आबकारी विभाग ने झारखंड में बिक्री के लिए बनी देशी शराब के परिवहन के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। 10 अक्टूबर को नरदहा-चंद्रखुरी मार्ग पर की गई कार्रवाई में आरोपी के पास से 30.3 बल्क लीटर देशी शराब जब्त की गई। विभाग ने शराब के साथ मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई गई है।

आबकारी विभाग के मुताबिक, जब्त शराब पर ‘For Sale in Jharkhand’ लिखा हुआ था। कार्रवाई विधानसभा थाना क्षेत्र के नरदहा-चंद्रखुरी मार्ग पर की गई। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 6,765 रुपए है। इस मामले में विभाग ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

बोकारो का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश प्रसाद सिंह (उम्र 54 साल) के रूप में हुई है। वह झारखंड के बोकारो जिले में सेक्टर 9D, बोकारो स्टील प्लांट क्षेत्र का रहने वाला है। आबकारी विभाग ने उसके पास से 21 अद्धी और 120 पाव देशी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 30.3 बल्क लीटर बताई गई है।

आशीष सिंह के नेतृत्व में टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देशन और उपायुक्त आबकारी प्रवीन वर्मा के मार्गदर्शन में की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को पकड़ा। मामले के विवेचक अधिकारी भी आशीष सिंह हैं।

कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर विक्रम ठाकुर और अरविंद साहू, मुख्य आरक्षक संतोष गुप्ता, आरक्षक विवेक श्रीवास्तव, सुरेश सूर्यवंशी और इंदु भास्कर के साथ वाहन चालक अविनाश थुल का योगदान रहा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H