रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर स्थित न्यू नंदी ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में संजय चौहान और होरी लाल पंकज को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के चांदी के जेवरात समेत करीब 4.50 लाख रुपए का सामान बरामद हुआ है। वारदात में इस्तेमाल मेस्ट्रो वाहन भी जब्त किया गया है।

बता दें कि चोरी की वारदात 31 अगस्त की रात हुई थी। दुकान संचालक अजय मंडल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद कर ताला लगाया था। अगले दिन 1 सितंबर को सुबह 11 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का एक तरफ का ताला टूटा मिला और शटर जमीन से उठा हुआ था। दुकान के अंदर रखे चांदी के जेवरात, सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब 4 लाख रुपए थी।
CCTV फुटेज से पुलिस को मिला सुराग
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस ने पुराने चोरी और नकबजनी के आरोपियों तथा हाल में जेल से बाहर आए लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कबीर नगर निवासी संजय चौहान को चोरी वाली रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था। संजय पहले भी नकबजनी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में संजय ने एक साथी के साथ मिलकर ज्वेलरी दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। उसने चोरी के कुछ जेवरात अपने साथी होरी लाल पंकज को खपाने के लिए देने की बात भी बताई। इसके बाद पुलिस ने होरी लाल और एक नाबालिग को भी पकड़ लिया।
4.50 लाख का सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी के विभिन्न जेवरात, चांदी के सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किया गया मेस्ट्रो वाहन भी जब्त किया गया। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4.50 लाख रुपए बताई गई है।
संजय पर पहले से आधा दर्जन से ज्यादा केस

पुलिस के अनुसार, संजय चौहान (30) निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, कबीर नगर, रायपुर के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह डीडी नगर, कोतवाली, गुढ़ियारी समेत अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामलों में शामिल रहा है और इन मामलों में जेल भी जा चुका है।
वहीं होरी लाल पंकज (36) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सड्डू के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में वह फरार चल रहा था। अब इस केस में भी उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



