शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात तक बार और क्लब संचालन पर पुलिस की सख्ती के दावों के बीच नवा रायपुर स्थित AZURA क्लब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में क्लब के भीतर रात 2 बजे तक पार्टी चलती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की निगरानी व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। खास बात यह है कि जिस CBD बिल्डिंग में AZURA क्लब संचालित हो रहा है, उसी परिसर में ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) का कार्यालय भी स्थित है। इसके बावजूद देर रात तक पार्टी, शराब परोसने और तेज आवाज में संगीत बजने के आरोप सामने आने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

आधी रात के बाद भी जारी रही पार्टी

रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा पूर्व में सभी बार, क्लब और पब को रात 12 बजे तक बंद करने के निर्देश जारी किए गए थे। इसके अलावा निर्धारित समय के बाद डीजे संचालन पर भी रोक है। लेकिन वायरल वीडियो में रात करीब 1:30 बजे के बाद भी क्लब में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां डीजे की धुन पर झूमते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में टेबलों पर शराब की बोतलें और गिलास दिखाई दे रहे हैं, जबकि क्लब का साउंड सिस्टम और लाइटिंग भी पूरी तरह चालू है। इससे यह सवाल उठ रहा है कि आखिर पुलिस के आदेशों का पालन किस हद तक हो रहा है।

नशीले पदार्थों की सप्लाई के भी आरोप

सूत्रों के मुताबिक, क्लब में देर रात आयोजित होने वाली पार्टियों में नशीले पदार्थों की सप्लाई भी होने की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। दावा किया जा रहा है कि इन आयोजनों में रायपुर के अलावा अन्य जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी युवाओं को बुलाया जाता है।

हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो के बाद पुलिस की भूमिका और निगरानी व्यवस्था पर सवाल तेज हो गए हैं।

क्या कहता है कानून ?

आबकारी अधिनियम और पुलिस एक्ट के तहत निर्धारित समय सीमा के बाद बार या क्लब का संचालन और शराब परोसना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। वहीं साउंड पॉल्यूशन नियमों के अनुसार रात 10 बजे के बाद तेज ध्वनि में डीजे बजाने पर भी प्रतिबंध है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में लाइसेंस निरस्त करने के साथ संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

जांच के बाद कार्रवाई की बात

मामले को लेकर मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने कहा कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। वीडियो की जांच की जा रही है। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो क्लब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर क्लब को सील करने और संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी बात कही गई है।

फिलहाल वायरल वीडियो ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पुलिस के निर्देशों के बावजूद देर रात तक चलने वाली ऐसी पार्टियों पर प्रभावी निगरानी क्यों नहीं हो पा रही है।

देखें वीडियो

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H