अनिल सक्सेना, रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन से बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। जहां कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए कुछ दबंगों ने एक युवक को ऐसी तालिबानी सजा दी, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए! ​मोटर चोरी के शक में न सिर्फ बंधक बनाया गया, बल्कि खंभे से बांधकर उसे बिजली के तगड़े झटके दिए गए। शर्मनाक बात देखिए… इस अमानवीय कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर वाहवाही लूटने की कोशिश भी की गई!

यह खौफनाक मंजर रायसेन के कोतवाली थाना क्षेत्र के पिपलई डेम के पास का है। जहां कानून को हाथ में लेकर कुछ लोगों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि एक युवक को मोटर चोरी के शक में पकड़ा गया था। चोरी में शामिल अन्य लोगों के नाम उगलवाने के लिए दबंगों ने युवक को खेत में एक खंभे से बांध दिया और फिर उसे बिजली का करंट लगाया गया। तड़पते हुए युवक की चीखें उन जालिमों के दिल को नहीं पिघला सकीं। इस अमानवीय हरकत के दौरान दोनों युवकों की जान भी जा सकती थी।

ये भी पढ़ें: आलीराजपुर में रिश्तों का कत्ल: बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

राजनीतिक वाहवाही लूटने की कोशिश

इस पूरे मामले में एक और हैरान करने वाला मोड़ तब आया, जब AIMIM के नेता हाफिज मुनीब खान ने इस खौफनाक घटना का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर दिया। आरोप लग रहे हैं कि नेता जी ने इस संवेदनहीन वीडियो के जरिए राजनीतिक वाहवाही लूटने की कोशिश की। पीड़ित युवक धनियाखेड़ी का रहने वाला है और बैरागी समाज से ताल्लुक रखता है। वीडियो वायरल होने के बाद, सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने और हिंदू युवक के साथ हुए इस अमानवीय व्यवहार को लेकर हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है।

पुलिस के हाथ अब तक खाली

हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात होने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। एसडीओपी प्रतिभा शुक्ला का कहना है कि फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण मामला दर्ज नहीं किया गया है। लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह खौफनाक वीडियो पुलिस को कार्रवाई के लिए मजबूर करने के लिए काफी नहीं है? इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मानव अधिकार आयोग से इस पूरे मामले को संज्ञान में लेने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m