Rajasthan Congress: कांग्रेस हाईकमान ने उत्तर प्रदेश संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिवों की नई सूची जारी कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद जारी सूची में छह नए नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राजस्थान के लिए सबसे बड़ा बदलाव यह रहा कि उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी और एआईसीसी सचिव रहे धीरज गुर्जर को जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और सादुलशहर के पूर्व विधायक जगदीश चंद्र जांगिड़ को उत्तर प्रदेश का नया AICC सचिव एवं सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
धीरज गुर्जर की जगह मिली नई जिम्मेदारी
भीलवाड़ा की जहाजपुर सीट से पूर्व विधायक धीरज गुर्जर लंबे समय से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के करीबी नेताओं में गिना जाता है। अब संगठनात्मक फेरबदल के तहत उनकी जगह जगदीश चंद्र जांगिड़ को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजस्थान के OBC चेहरे पर हाईकमान का भरोसा
जगदीश चंद्र जांगिड़ राजस्थान कांग्रेस के प्रमुख ओबीसी नेताओं में शामिल हैं। वह श्रीगंगानगर जिले की सादुलशहर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हैं। कांग्रेस हाईकमान ने उनकी संगठनात्मक क्षमता और अनुभव को देखते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे राजनीतिक रूप से अहम राज्य में नई जिम्मेदारी सौंपी है।

नियुक्ति के बाद जताया आभार
AICC सचिव बनाए जाने के बाद जगदीश चंद्र जांगिड़ ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल सहित पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
उत्तर प्रदेश में संगठन मजबूत करने की तैयारी
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को देखते हुए यह बदलाव किया है। नए नियुक्त AICC सचिवों को अलग-अलग क्षेत्रों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राजस्थान से जगदीश चंद्र जांगिड़ की नियुक्ति को प्रदेश कांग्रेस में उनके बढ़ते राजनीतिक कद और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती भूमिका के रूप में देखा जा रहा है।
पढ़ें ये खबरें
- हाईवे किनारे जलते शव ने मचाई सनसनी, 20-22 साल के युवक की नहीं हो सकी पहचान
- Jharkhand Weather: बारिश के साथ आसमानी आफत, वज्रपात से 3 की मौत, 9-10 सितंबर को 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
- ‘ED, CBI से जांच करवा दीजिए’, मंत्री लेसी सिंह को पप्पू यादव का करारा जवाब, साथ में रखी ये शर्त
- आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी, मानदेय में होगी बढ़ोतरी
- एक महीने से ज्यादा चली सफाईकर्मियों की हड़ताल में आया बड़ा मोड़, सरकार की अपील का असर; 387 कर्मचारी काम पर लौटे


