Rajasthan Crime News: चूरू जिले के रतनगढ़ में गुरुवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से लोग कांप गए। वार्ड नंबर 21 में रहने वाले कांग्रेस नेता और पार्षद राजेंद्र बबेरवाल के घर पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए एक या दो नहीं, बल्कि 12 से ज्यादा राउंड फायर किए। गोलियां गेट और दीवारों पर जाकर लगीं, जिसकी आवाज सुनकर पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें मुठभेड़ में दबोच लिया।

वीडियो कॉल पर दिखाई गई थी पार्षद की लोकेशन
पुलिस की जांच में जो बात सामने आई है, वो काफी चौंकाने वाली है। हमलावरों को नहीं पता था कि पार्षद का घर कहां है। सूत्रों के मुताबिक, विदेश में बैठे आकाओं ने बदमाशों को वीडियो कॉल किया और मोबाइल के जरिए पार्षद का घर और लोकेशन कन्फर्म कराई। इसके बाद करीब सवा पांच बजे बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। ये पूरी साजिश रंगदारी वसूलने के लिए रची गई थी।
नाकाबंदी तोड़ भागे बदमाश, पुलिस ने पैर में मारी गोली
घटना की खबर मिलते ही चूरू पुलिस ने चारों तरफ नाकाबंदी कर दी। चूरू-तारानगर रोड पर पिंजरापोल गौशाला के पास जब पुलिस की स्पेशल टीम (DST) ने बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। बदमाश यहीं नहीं रुके, उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। आईपीएस निश्चय प्रसाद ने बताया कि मुठभेड़ में दोनों शूटर घायल हुए हैं। एक बदमाश को गोली लगी है, जबकि दूसरे का पैर टूट गया है।
रोहित गोदारा गैंग से जुड़े हैं तार
पकड़े गए बदमाशों की पहचान पंजाब के अनमोल सिंह और रोहित के रूप में हुई है। ये दोनों शूटर गैंगस्टर रोहित गोदारा के लिए काम कर रहे थे। पुलिस को पता चला है कि ये आरोपी पिछले दो दिनों से रतनगढ़ के आसपास ही छिपे हुए थे। फिलहाल दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां भारी पुलिस जाब्ता तैनात है।
रतनगढ़ में तनाव का माहौल
सुबह-सुबह हुई इस बड़ी वारदात ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। मौके पर डीएसपी इंसार अली और सीआई गौरव खिड़िया की टीम ने पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए हैं। पुलिस अब उन स्थानीय लोगों की तलाश कर रही है जिन्होंने इन शूटरों को पनाह दी थी। शहर में इस समय भारी तनाव है और लोग कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
पढ़ें ये खबरें
- CG Morning News : व्यापारियों ने की नए नोट और सिक्कों की मांग… धमतरी में आज स्थानीय अवकाश… हॉकी लीग के मैचों की छत्तीसगढ़ी में होगी भी कमेंट्री
- Jharkhand Weather: दुर्गा पूजा में मौसम रहेगा मेहरबान, 19 से 22 अक्टूबर तक साफ आसमान, सुबह धुंध और हल्की ठंड
- महाष्टमी पर तेज प्रताप के घर पहुंचे लालू यादव, रोहिणी-मीसा भी साथ, नजर नहीं आए तेजस्वी और राबड़ी
- बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों में मारपीट, वीडियो वायरल; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
- Haryana Morning News : अंतिम छोर तक पहुंचा सिंचाई का पानी, अस्पताल में ऑनलाइन पेमेंट और प्री-रजिस्ट्रेशन की सुविधा, दशहरा मनाने घर आया था MBBS स्टूडेंट सड़क हादसे में मौत, समेत सुबह की बड़ी ख़बरों पर एक नजर
