Rajasthan Monsoon Alert: राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है और मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक तेज बारिश की संभावना जताई है। कोटा, जयपुर, अजमेर, उदयपुर, भरतपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में कई स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है।

बुधवार को अजमेर में सबसे अधिक 39.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा डूंगरपुर में 24.5 मिमी, अलवर में 19.6 मिमी, श्रीगंगानगर में 14 मिमी, दौसा में 13 मिमी और जैसलमेर में 10.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।

अगले 4-5 दिन सक्रिय रहेगा मानसून

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, मध्य प्रदेश के उत्तरी भाग और आसपास के क्षेत्र में बना ऊपरी परिसंचरण तंत्र तथा बीकानेर, वनस्थली और गुना से गुजर रही सक्रिय मानसून ट्रफ लाइन के कारण राजस्थान में मानसून की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। इसके प्रभाव से 26 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

इन संभागों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने बताया है कि कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर अतिभारी वर्षा की भी संभावना है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर परेशानी बढ़ सकती है।

9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, सलूम्बर, बांसवाड़ा और नागौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मेघगर्जन और मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वहीं जैसलमेर जिले में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।

22 जिलों में येलो अलर्ट

बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, भीलवाड़ा, अजमेर, ब्यावर, डीडवाना-कुचामन, जयपुर, सीकर, फलोदी, जोधपुर, पाली, राजसमंद, भरतपुर, धौलपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, डीग, टोंक और खैरथल-तिजारा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

पढ़ें ये खबरें