Rajasthan News: राजस्थान कृषि विभाग ने भ्रष्टाचार और कार्यों में लापरवाही के आरोपों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने इसके आदेश जारी किए हैं। विभाग के अनुसार, तीनों अधिकारियों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में जांच चल रही है।

निलंबन के बाद राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पर सवाल उठाए हैं और उनके पुराने बयान का हवाला देते हुए जवाब मांगा है।

इन अधिकारियों पर हुई कार्रवाई?

  • संदीप कुमार, कृषि पर्यवेक्षक, भारेवाला मुख्यालय (जिला विस्तार अधिकारी, सीएडी आईजीएनपी, बीकमपुर कार्यालय)
  • रजनीश कुमार, वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक, राववाला मुख्यालय (जिला विस्तार अधिकारी, सीएडी आईजीएनपी, बज्जू कार्यालय)
  • विशाल कुमार, सहायक कृषि अधिकारी, बगीचा मुख्यालय (सहायक निदेशक कृषि (विस्तार), रायसिंहनगर कार्यालय)

विभागीय आदेश के मुताबिक, तीनों अधिकारियों पर भ्रष्टाचार, अनैतिक गतिविधियों, आमजन से अभद्र व्यवहार और सरकारी कार्यों में गंभीर लापरवाही के आरोप हैं। जांच पूरी होने तक इन्हें निलंबित रखा जाएगा।

निलंबन अवधि में जयपुर रहेगा मुख्यालय

आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान तीनों अधिकारियों का मुख्यालय जयपुर रहेगा। वे सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। वहीं तीनों अधिकारियों के निलंबन के बाद कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पर हमला बोला।

कांग्रेस ने कहा कि मंत्री ने 6 जून को एक पोस्ट में दावा किया था कि यदि भ्रष्टाचार का एक भी आरोप सिद्ध हो जाए तो वे अपना पद छोड़ देंगे। पार्टी का आरोप है कि जिन अधिकारियों को अब निलंबित किया गया है, उनका पहले मंत्री ने बचाव किया था।

डिकॉय टीम को लेकर भी उठाए सवाल

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि संदीप कुमार और रजनीश कुमार सीकर में कृषि मंत्री के ओएसडी बनकर कथित तौर पर अवैध वसूली कर रहे थे। पार्टी ने यह भी कहा कि कृषि विभाग की कथित डिकॉय टीम से जुड़े जुगल किशोर की पहले ही करोड़ों रुपये के साथ गिरफ्तारी हो चुकी है।

कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। पार्टी ने संबंधित लोगों की कॉल डिटेल, आर्थिक लेन-देन और कथित छापेमारियों के दौरान हुई वसूली की भी जांच कराने की मांग उठाई है।

पढ़ें ये खबरें