Rajasthan News: जयपुर के प्रतापनगर इलाके में एक 16 साल की नाबालिग लड़की की मौत के बाद से माहौल गरमाया हुआ है। सोमवार को भी गुस्से में भरा परिवार अपनों के साथ आरयूएचएस (RUHS) अस्पताल के बाहर धरने पर बैठा रहा। मोर्चे पर भारी पुलिस तैनात है। मामला बेहद पेचीदा हो चुका है। परिवार का सीधा आरोप है कि उनकी बेटी की मौत के पीछे एक बड़े रसूखदार का हाथ है।

दोबारा पोस्टमार्टम और तुरंत गिरफ्तारी की मांग
लड़की के घरवाले अपनी मांगों को लेकर अस्पताल के सामने डटे हुए हैं। उनकी मांग है कि बेटी की लाश का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए। इसके लिए स्पेशल मेडिकल बोर्ड बनाया जाए। परिवार का कहना है कि नामजद आरोपी को पुलिस तुरंत गिरफ्तार करे। साथ ही पूरे मामले की कोर्ट की निगरानी में न्यायिक जांच होनी चाहिए।
विधायक के परिवार पर उंगली, मां का रो-रोकर बुरा हाल
अस्पताल के बाहर बैठी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मां ने रोते हुए बताया कि उनकी बेटी इंस्टाग्राम पर एक लड़के से बात करती थी। वह लड़का खुद को बहुत पावरफुल बताता था। परिजनों का आरोप है कि वह लड़का कोई और नहीं बल्कि बामनवास से कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा का दोहिता (नाती) है। इसी वजह से पुलिस कार्रवाई करने में ढिलाई बरत रही है।
विधायक इंदिरा मीणा ने वीडियो जारी कर दी सफाई
मामला बढ़ता देख कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा ने खुद सोशल मीडिया पर आकर अपनी बात रखी। उन्होंने एक फेसबुक वीडियो जारी कर सारे आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। विधायक ने कहा यह मुझे बदनाम करने की राजनीतिक साजिश है। मेरी इतनी बड़ी कोई बेटी नहीं है, तो दोहिता कहां से आएगा? मुझे तो पहले ये भी नहीं पता था कि दोहिता क्या होता है। मैं खुद पीड़ित परिवार के साथ हूं और बच्ची को पूरा न्याय मिलना चाहिए। इलाके में ऐसी घटनाएं बढ़ना सच में चिंता की बात है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी, आरोपी की तलाश तेज
इधर प्रतापनगर थानाधिकारी पूरणमल यादव ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार जांच में जुटी हैं। इलाके के सारे सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने उस लड़के की पहचान कर ली है जिसका जिक्र लड़की की मां ने किया था। पुलिस की एक स्पेशल टीम लड़के से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सच जल्द ही सामने आ जाएगा।
पढ़ें ये खबरें
- iPhone 18 series launch: Apple ने पेश किया फोल्डेबल iPhone Duo, iPhone 18 Pro और Pro Max भी लॉन्च, जाने कीमत और फीचर्स
- सिर्फ 200 रुपये के लिए खूनी विवाद, उधार के पैसे नहीं देने पर युवक पर चाकू से हमला
- न सीमेंट कमजोर था, न सरिया… फिर बरेली में कैसे गिरी पानी की टंकी? जानने के लिए पढ़ें जल निगम की रिपोर्ट
- ‘ट्रैफिक गर्ल’ शुभी जैन का पुलिस पर गंभीर सवाल! बोलीं- ‘लेडीज जात’ कहकर की बदसलूकी, पुलिस ही आम जनता से ऐसा व्यवहार करेगी तो कैसे होगा भरोसा?
- Zudio स्टोर में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, नगदी सहित लाखों का सामान बरामद


