Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में शहर की सबसे पॉश सड़कों में शामिल एमआई रोड पर बदमाशों के एक ‘ऑटो गैंग’ ने महज डेढ़ घंटे के भीतर दो महिलाओं को निशाना बनाकर करीब 6 लाख रुपये के सोने के जेवर लूट लिए। दोनों घटनाएं एक ही दिन और एक ही क्षेत्र में हुईं, जिनमें ऑटो में बिठाकर चालाकी से महिलाओं के कंगन छीने गए। पुलिस ने दोनों मामलों को विधायकपुरी थाने में दर्ज किया है।

पहली वारदात: बेटे के साथ मंदिर आई महिला से मारपीट कर लूटा सोना
30 जून को पहली घटना तब हुई जब संगीता नंदवानी, अपने बेटे के साथ अमरापुर मंदिर दर्शन के लिए आई थीं। दोपहर लगभग 12:30 बजे मंदिर से लौटते समय उन्होंने मानसरोवर जाने के लिए एक ऑटो रोका। ऑटो में पहले से चालक सहित दो लोग सवार थे। संगीता ने उनके साथ किराया तय कर लिया और बैठ गईं। रास्ते में दो और लोग ऑटो में सवार हो गए।
कुछ ही देर बाद चारों बदमाशों ने चलते ऑटो में संगीता के सिर पर हमला किया और दोनों हाथों से करीब 40 ग्राम सोने के कंगन लूट लिए। इसके बाद वे संगीता को अजमेर पुलिया के पास उतारकर फरार हो गए।
दूसरी वारदात: देवरानी के साथ लौट रही महिला को बनाया शिकार
दूसरी घटना भी 30 जून को ही दोपहर करीब 1 बजे हुई। झोटवाड़ा निवासी 56 वर्षीय हेमलता वासवानी अपनी देवरानी कमल वासवानी के साथ अमरापुर मंदिर से दर्शन कर लौट रही थीं।
मंदिर के सामने एक ग्रीन-यलो ऑटो रोका गया, जिसमें पहले से दो व्यक्ति बैठे थे। थोड़ी ही देर में चालक ने एक और व्यक्ति को रास्ते से बैठा लिया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद चालक ने दोनों महिलाओं को यह कहकर उतार दिया कि वह “10 मिनट में लौटेगा”, लेकिन वह ऑटो लेकर भाग गया। बाद में हेमलता को पता चला कि उनके हाथ से करीब 28 ग्राम वजनी सोने का कंगन गायब था।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने दोनों मामलों में समानता देखते हुए जांच को एक साथ जोड़ा है। CCTV फुटेज, ऑटो का विवरण और अन्य सुरागों के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि यह एक संगठित गैंग है, जो पॉश इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाकर ऑटो की आड़ में वारदात को अंजाम देता है। जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।
पढ़ें ये खबरें
- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा- केशव प्रसाद मौर्य
- छत्तीसगढ़ में सड़क सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम: सरकार और IIT मद्रास के बीच ऐतिहासिक एमओयू, डेटा-आधारित हाइपरलोकल इंटरवेंशन कार्यक्रम शुरू
- खनन माफिया का आतंक: पटवारी पर किया जानलेवा हमला, हाथ हुआ फ्रैक्चर
- बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी : कुबेर खजाने तक पहुंची SIT, नकदी, सोना-चांदी और अभिलेखों की हुई जांच
- राम मंदिर चढ़ावा गबन : संत समाज ने कहा- कुछ लोगों की गलती से पूरे ट्रस्ट को बदनाम करना गलत

