Rajasthan News: राजस्थान के सियासी हलकों से इस वक्त की सबसे बड़ी और सनसनीखेज खबर आ रही है। सूबे के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई है। किसी अनजान बदमाश ने सीधे फोन कर कहा कि अगर जयपुर आए, तो गोली मार दूंगा। इस फोन कॉल के बाद से ही मंत्री के परिवार और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

यह पूरा वाकया 5 जून की सुबह का बताया जा रहा है। धनंजय सिंह खींवसर फोर्ट के अंदर बने अपने पर्सनल ऑफिस अटल भवन में बैठे थे। सुबह करीब 8:30 से 9:30 बजे के बीच उनके मोबाइल की घंटी बजी। स्क्रीन पर कोई नंबर नहीं था, बल्कि अननोन नंबर लिखा आ रहा था। धनंजय ने जैसे ही फोन उठाया, सामने वाले ने पहले उनका नाम कन्फर्म किया।
जयपुर आओगे तो ध्यान रखना, गोली मार दूंगा
बदमाश ने फोन पर पूछा कि तुम अभी खींवसर में ही हो क्या? इसके बाद उसने धनंजय से जयपुर आने का प्लान पूछा। इस पर धनंजय ने कहा कि दो दिन बाद राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की मीटिंग है, उसमें शामिल होने जयपुर आऊंगा। इतना सुनते ही सामने वाले ने टोन बदली और कहा, ध्यान रखना, जयपुर आओगे तो गोली मार दूंगा। धनंजय ने जब कहा कि मेरे साथ हथियारबंद क्यूआरटी (QRT) की टीम रहती है, तो आरोपी ने तुरंत फोन काट दिया।
फेसबुक पेज पर भी गंदे कमेंट्स और धमकियां
बात सिर्फ एक फोन कॉल तक ही नहीं रुकी है। धनंजय सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके ऑफिशियल फेसबुक पेज पर भी पिछले कुछ दिनों से लगातार इसी तरह के मैसेज और कमेंट आ रहे हैं। इस वजह से अब पूरे परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। धनंजय ने इन सभी धमकियों के स्क्रीनशॉट और सोशल मीडिया के यूआरएल (URL) निकालकर पुलिस को सौंप दिए हैं।
शनिवार को इस मामले में खींवसर थाने में लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की फाइल आगे बढ़ा दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा सीधे एसआई अमर चंद को सौंपा गया है। पुलिस के अनुसार अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हमारी साइबर सेल की टीम उस अननॉन इंटरनेट कॉलिंग नंबर और फेसबुक अकाउंट के यूआरएल को ट्रैक कर रही है।
पढ़ें ये खबरें
- पूर्व विधायक शैलेश पांडेय का BJP पर निशाना, कहा- नेताओं में आपस में नहीं बन रही, इसलिए नहीं हो सका बिलासपुर का विकास
- CGPSC भर्ती में गड़बड़ी पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, कहा- सरकार को करानी चाहिए निष्पक्ष जांच
- कोठी के गरबा में दिखा राज्यमंत्री का अलग अंदाज, प्रतिमा बागरी ने प्रतिभागियों संग किया डांडिया नृत्य
- ग्रेटर नोएडा केस: पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सगी बहन-बहनोई गिरफ्तार, 5 मौतों का गुनहगार कौन?
- MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 4 IAS अफसरों का तबादला, जानिए किसे कहां भेजा गया
