Rajasthan News: उत्तराखंड के टिहरी जिले के देवप्रयाग इलाके में पर्यटकों से भरी एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चा जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।

कार में सवार चार अन्य लोग नदी के तेज बहाव में लापता हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू टीमें जुटी हैं। हादसे का शिकार हुआ यह परिवार राजस्थान के जैसलमेर का रहने वाला है। ये लोग उत्तराखंड घूमने आए थे और सुबह कार में सवार होकर बद्रीनाथ की तरफ से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। जानकारी के अनुसार जैसे ही उनकी कार देवप्रयाग क्षेत्र के साकनीधार में गंगा दर्शन होटल के पास पहुंची, अचानक ड्राइवर का गाड़ी से संतुलन बिगड़ गया। पलक झपकते ही खाई में बह रही अलकनंदा नदी में जा समाई।
तीन लाशें निकालीं, ऋषिकेश रेफर हुआ बच्चा
चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग और होटल स्टाफ तुरंत मौके पर दौड़े। पुलिस को हादसे की सूचना दी गई। जान गंवाने वालों की पहचान जैसलमेर के दरिया नाथ बावड़ी निवासी कमला, अखिलेश और दिनेश के रूप में हुई है। हादसे में एक बच्चा आयुष्मान गंभीर रूप से घायल हुआ है। बच्चे को पहले श्रीनगर बेस अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है।
अलकनंदा के तेज बहाव में गायब हुए चार लोग
पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक कार में कुल आठ लोग सवार थे। तीन के शव मिल चुके हैं और एक अस्पताल में है। लेकिन बाकी के चार लोग गुड्डी देवी, जाह्ववी, नंबरदार और एक अन्य शख्स का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। आशंका है कि वे नदी के तेज बहाव में बह गए हैं।
घटनास्थल पर देवप्रयाग थाना पुलिस के साथ राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की तीन अलग-अलग टीमें मोर्चा संभाले हुए हैं। व्यासी, श्रीनगर और ढालवाला से आए गोताखोर नदी के भीतर लापता लोगों को ढूंढ रहे हैं। पहाड़ी रास्ता होने और नदी का बहाव बहुत तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को काम करने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। जब तक आखिरी बंदा नहीं मिल जाता, सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।
पढ़ें ये खबरें
- पूर्व विधायक शैलेश पांडेय का BJP पर निशाना, कहा- नेताओं में आपस में नहीं बन रही, इसलिए नहीं हो सका बिलासपुर का विकास
- CGPSC भर्ती में गड़बड़ी पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, कहा- सरकार को करानी चाहिए निष्पक्ष जांच
- कोठी के गरबा में दिखा राज्यमंत्री का अलग अंदाज, प्रतिमा बागरी ने प्रतिभागियों संग किया डांडिया नृत्य
- ग्रेटर नोएडा केस: पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सगी बहन-बहनोई गिरफ्तार, 5 मौतों का गुनहगार कौन?
- MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 4 IAS अफसरों का तबादला, जानिए किसे कहां भेजा गया
