Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर कस्बे में शुक्रवार शाम मामूली विवाद के बाद एक युवक की हत्या हो गई, जिसके बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया। मृतक सीताराम कीर की हत्या के विरोध में हिंदू संगठनों और कीर समाज ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अस्पताल के बाहर रातभर धरना दिया।

शनिवार देर शाम प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत के बाद मामला कुछ हद तक शांत हुआ। 22 लाख रुपये मुआवजा और संविदा नौकरी देने पर सहमति बनी है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मोहर्रम के जुलूस की अनुमति रद्द कर दी है। विधायक गोपीचंद मीणा द्वारा प्रशासन को चेतावनी देने के बाद एसडीएम रामकेश मीणा ने आदेश जारी किया। शनिवार को कस्बे के व्यापारियों ने बाजार बंद का ऐलान किया और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई।
क्या हुआ था शुक्रवार शाम?
पुलिस के अनुसार, मृतक सीताराम कीर टोंक जिले का निवासी था और अपने दोस्तों सिकंदर, दिलखुश और दीपक के साथ एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने जहाजपुर आया था। मुख्य बाजार में उनकी कार शरीफ के ठेले से टकरा गई, जिससे कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर भीड़ इकट्ठा हो गई और कथित रूप से सीताराम को कार से खींचकर बेरहमी से पीटा गया।
इलाज से पहले ही मौत, हत्या का मामला दर्ज
गंभीर रूप से घायल सीताराम को मोटरसाइकिल पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमलावरों ने उनकी कार को भी नुकसान पहुंचाया।
भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मुख्य आरोपी शरीफ मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य संदिग्ध हिरासत में है।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10 थानों की पुलिस फोर्स को जहाजपुर में तैनात किया गया है। विवाद की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में है, और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
पढ़ें ये खबरें
- अवैध डीजल परिवहन पर पुलिस का शिकंजा, 7 ड्रमों में भरा डीजल जब्त, आरोपी गिरफ्तार
- रील देखकर शुरू की तलाश… और बन गए लखपति! इस दंपति को मिले 4 दुर्लभ हीरे, कहानी जानकर हैरान रह जाएंगे आप
- ‘पति, पत्नी और वो’ का हाईवोल्टेज ड्रामा: होटल में दूसरी महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में मिला पति; पत्नी ने जमकर पीटा, थप्पड़ों की बरसात
- परगट सिंह बने पंजाब कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष, राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद हाईकमान का फैसला
- मोहब्बत में टूटी मजहब की बंदिश! मेहताब से ‘ममता’ बनने की इस अनोखी लव स्टोरी ने जीता लोगों का दिल
