Rajasthan News: राजस्थान के अलवर जिले के गोविंदगढ़ में बुधवार रात 100 से ज्यादा लोगों की उग्र भीड़ ने थाने पर धावा बोल दिया। उपद्रवियों ने न सिर्फ थाने में तोड़फोड़ की, बल्कि थानाधिकारी (SHO) और अन्य पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर लहूलुहान कर दिया।

बुलेट के पटाखे से शुरू हुई जंग
पूरा विवाद रात करीब 11 बजे शुरू हुआ। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दो युवक बुलेट पर स्टंट कर रहे थे और साइलेंसर से पटाखों जैसी आवाज निकाल रहे थे। ग्रामीणों की शिकायत पर जब ASI मौके पर पहुंचे और उन्हें रोकने की कोशिश की, तो लड़कों ने पुलिस की वर्दी तक फाड़ दी। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए बाइक जब्त की और दोनों को थाने ले आई, बस यही बात उपद्रवियों को नागवार गुजरी।
थाने के अंदर खून के छींटे और चीख-पुकार
देखते ही देखते थाने के बाहर सैकड़ों लोगों का जमावड़ा लग गया। पहले तो भीड़ ने अपने साथियों को छोड़ने का दबाव बनाया, लेकिन जब पुलिस नहीं झुकी तो मामला हिंसक हो गया। भीड़ ने पास की निर्माणाधीन बिल्डिंग से पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थरबाजी इतनी भयानक थी कि थाने की गाड़ियों के शीशे चकनाचूर हो गए। फर्श पर चारों तरफ कांच के टुकड़े और खून के छींटे बिखरे नजर आए।
SHO के चेहरे पर आए 8 टांके, प्रशासन ने कसी कमर
इस हमले में गोविंदगढ़ थानाधिकारी धर्म सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके चेहरे पर गहरी चोट आई है, जिसके बाद अस्पताल में उन्हें 8 टांके लगाने पड़े। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचीं। फिलहाल पुलिस ने 20 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है और बाकी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने साफ कर दिया है कि राजकार्य में बाधा डालने और पुलिस पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इलाके में एहतियात के तौर पर पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
पढ़ें ये खबरें
- प्रदेशभर के पटवारी हड़ताल पर, पदोन्नति और वेतन विसंगति दूर करने की उठाई मांग
- दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला: आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों का बढ़ेगा मानदेय
- अमित शाह पर बरसे यशपाल आर्य, कहा- BJP जवाबदेही से भागने की लाख कोशिश कर ले, लेकिन सरकार को जवाब देना होगा
- रायपुर ग्रामीण पुलिस का विशेष अभियान: 600 से ज्यादा अवैध प्रवासी और किरायेदारों का सत्यापन, 6 संदेहियों से पूछताछ जारी
- Bokaro News: बोकारो में ब्राउन शुगर तस्कर गिरफ्तार, 2 पुड़िया और ₹8,450 नकद बरामद

