Rajasthan News: राजस्थान में आने वाले निकाय और पंचायत चुनावों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने OBC मतदाताओं को साधने की चाल चली है। पार्टी इस बार संगठन से लेकर टिकट वितरण तक, हर मोर्चे पर ओबीसी नेताओं को आगे रख रही है। जिलों से लेकर बूथ स्तर तक कांग्रेस ने आधे से ज्यादा पदों पर ओबीसी वर्ग के लोगों को मौका दिया है। यही नहीं, संगठन की बैठकों से लेकर सोशल कनेक्ट तक, हर जगह अब ओबीसी चेहरों की मौजूदगी और सक्रियता बढ़ा दी गई है।
संगठन में ज्यादा हिस्सेदारी
पार्टी का तर्क है कि संगठन में जब ओबीसी नेताओं को वाजिब भागीदारी दी जाएगी, तो यह सीधा संदेश जाएगा कि कांग्रेस सिर्फ चुनावी वादों तक सीमित नहीं, बल्कि ओबीसी वर्ग को असल में राजनीतिक भागीदारी दे रही है। खासतौर पर मंडल, बूथ और ब्लॉक स्तर पर ओबीसी समुदाय के लोगों को वरीयता दी गई है।

ये बदलाव 2022 में उदयपुर के नव संकल्प शिविर के बाद आए हैं, जहां स्पष्ट मांग उठी थी कि OBC को संगठन में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। शिविर में इस प्रस्ताव को पास भी किया गया था।
जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी
कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय संयोजक राजेंद्र सेन ने कहा कि राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना के मुद्दे को संसद से सड़क तक उठाया, और अब उसी आधार पर राज्यों में हिस्सेदारी तय की जा रही है। सेन के मुताबिक राजस्थान में करीब 60% वोटर OBC समुदाय से हैं, और इसलिए अब संगठन के हर स्तर पर OBC नेताओं की भागीदारी तेजी से बढ़ रही है फिर चाहे वो प्रदेश कार्यकारिणी हो, जिला हो या बूथ स्तर की टीम।
OBC वोट बैंक के लिए कांग्रेस की पूरी ताकत
राजेंद्र सेन ने यह भी साफ कर दिया कि आने वाले निकाय और पंचायत चुनाव में OBC समुदाय के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को टिकट वितरण में वरीयता दी जाएगी। पार्टी के थिंक टैंक को लगता है कि यदि स्थानीय स्तर पर OBC नेताओं को निर्णायक भूमिका में रखा गया, तो कांग्रेस को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
इसी रणनीति के तहत कांग्रेस लगातार जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर पर संगठनात्मक बैठकें कर रही है और मतदाताओं से संवाद भी तेज किया गया है।
संगठन के आंकड़े क्या कहते हैं?
कांग्रेस के मौजूदा संगठन में करीब 9 लाख पदाधिकारी हैं। इनमें से 6 लाख से ज्यादा ओबीसी वर्ग से हैं। इनमें 52,000 बूथ कार्यकारिणी, 2,200 मंडल कार्यकारिणी, 400 ब्लॉक कार्यकारिणी और 50 जिलों की कार्यकारिणी शामिल है।
प्रदेश संगठन के अहम पदों पर भी OBC नेताओं की मौजूदगी
राजस्थान कांग्रेस की प्रदेश टीम में भी OBC चेहरों की मजबूत मौजूदगी है:
- गोविंद सिंह डोटासरा- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
- अभिमन्यु पूनिया- युवा कांग्रेस अध्यक्ष
- यशवीर सुरा और सुधीन्द्र मुंड- कार्यकारी अध्यक्ष
- सारिका सिंह- महिला कांग्रेस अध्यक्ष
इसके अलावा, अल्पसंख्यक विभाग, पंचायती राज विभाग, OBC विभाग, कांग्रेस विधि विभाग, आईटी सेल, मजदूर और कामगार संगठनों में भी कमान OBC नेताओं के हाथ में है।
अब आंदोलन की तैयारी, सरकार पर सीधा हमला
राज्य सरकार पर पंचायत और निकाय चुनाव में जानबूझकर देरी करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस अब 400 ब्लॉक्स में सरकार के खिलाफ आंदोलन की तैयारी कर रही है। ओबीसी विभाग के प्रदेश संयोजक के मुताबिक, कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार की डेढ़ साल की विफलताओं को हर घर तक लेकर जाएंगे।
पढ़ें ये खबरें
- छतरपुर में एक्सीडेंट के बाद बवाल: पुलिस से झूमाझटकी और पथराव; कई आरोपी चिन्हित
- बिहार की पिंक बस सेवा का राष्ट्रीय सम्मान: प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड-2026 के लिए हुआ चयन
- सड़क हादसाः सीहोर में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुसी बाइक, एक की मौत, दूसरा जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा
- फरीदाबाद हादसा अपडेट : जेवर एयरपोर्ट एक्सप्रेस-वे निर्माण स्थल पर पलटी क्रेन, इंजीनियर समेत 3 की मौत, जाँच आदेश जारी
- CG Morning News : CM साय आज मेधावी बच्चों को देंगे 2-2 लाख की प्रोत्साहन राशि… CJP प्रदर्शन में शामिल होगी जकांछ पार्टी… BJP का महाजनसंपर्क अभियान आज से शुरू… “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ आज… पढ़ें और भी खबरें

