Rajasthan News: बीकानेर में सरसों और मूंगफली की खरीद को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों पर सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को बीकानेर दौरे पर पहुंचे मंत्री ने संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में अगर किसी भी तरह की अनियमितता सामने आई तो केवल ठेकेदार नहीं, बल्कि संबंधित अधिकारी भी समान रूप से जिम्मेदार माने जाएंगे।
उन्होंने कहा, अब सिर्फ संविदाकर्मियों को बलि का बकरा बनाकर बाकी सबको बरी कर देना नहीं चलेगा। अगर गड़बड़ी हुई तो राजफैड के आरओ, मैनेजर, डीआर और सोसायटी अध्यक्ष सभी को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

अब एक भी शिकायत नहीं सुनना चाहता- मंत्री की दो टूक
मंत्री ने चेतावनी दी कि सरसों व मूंगफली खरीद में पारदर्शिता और जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आगे से कोई एक भी शिकायत आई तो सख्त कार्रवाई तय है। बैठक में सहकारिता मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लोगों को सहकारी संस्थाओं से लोन लेने के लिए प्रेरित करें, क्योंकि इन बैंकों की शर्तें वाणिज्यिक बैंकों की तुलना में अधिक सुविधाजनक हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल 32 लाख लोगों को लोन दिया जा रहा है और 70 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। इन सभी को सहकारी लोन योजनाओं से जोड़ने के प्रयास हों।
बैठक में अधिकारियों को दिए ये निर्देश
- ऑनलाइन ऑडिट लक्ष्य समय पर पूरा किया जाए
- आम सभाएं समयबद्ध तरीके से आयोजित की जाएं
- नवगठित पैक्स संचालकों को प्रशिक्षण दिलाया जाए
- सहकार से समृद्धि’ की 54 पहलों पर कार्य किया जाए
- एकमुश्त समझौता योजना का प्रचार-प्रसार किया जाए
- सहकारी बैंकों को वाणिज्यिक बैंकों की तरह व्यवसाय बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए
हर गतिविधि की होगी मॉनिटरिंग
मंत्री ने कहा कि अब सहकारी समितियों की गतिविधियों की सख्त मॉनिटरिंग की जाएगी। विशेष रूप से जिला उपभोक्ता भंडार, पैक्स, केंद्रीय सहकारी बैंक, भूमि विकास बैंक और क्रय-विक्रय समितियों को विविध व्यवसायों के ज़रिये आय बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने लंबित जांचों के शीघ्र निस्तारण और खरीद कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए भी सख्त हिदायत दी। अंत में मंत्री दक ने दो टूक कहा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनियमितता या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई होगी।
पढ़ें ये खबरें
- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा- केशव प्रसाद मौर्य
- छत्तीसगढ़ में सड़क सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम: सरकार और IIT मद्रास के बीच ऐतिहासिक एमओयू, डेटा-आधारित हाइपरलोकल इंटरवेंशन कार्यक्रम शुरू
- खनन माफिया का आतंक: पटवारी पर किया जानलेवा हमला, हाथ हुआ फ्रैक्चर
- बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी : कुबेर खजाने तक पहुंची SIT, नकदी, सोना-चांदी और अभिलेखों की हुई जांच
- राम मंदिर चढ़ावा गबन : संत समाज ने कहा- कुछ लोगों की गलती से पूरे ट्रस्ट को बदनाम करना गलत


