Rajasthan News: राजस्थान के नागौर जिले के कुचामन सिटी क्षेत्र में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. मजदूरी से लौट रहे दलित युवक अशोक मेघवाल (25) पर रास्ते में दबंगों ने हमला कर दिया. आरोप है कि राकेश आंवला नामक युवक ने उसे रोका और पहले चप्पलों से बेरहमी से पीटा. इसके बाद उसने अपने साथियों को बुलाया और लाठी-डंडों से हमला किया. पूरी घटना का वीडियो भी आरोपियों ने ही बनाया, जिसमें अशोक ज़मीन पर बैठा हुआ नजर आ रहा है और हमलावर लगातार उसकी पिटाई कर रहे हैं.

अस्पताल ले जाते समय बिगड़ी हालत
गंभीर चोटें लगने के बाद गुरुवार देर रात अशोक को परिजन कुचामन के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे. हालत नाज़ुक होने पर डॉक्टरों ने उसे अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान अशोक ने दम तोड़ दिया.
शव को लेकर परिजनों का विरोध
अशोक की मौत की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे. गांव में लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और शव को रखकर स्पष्ट कर दिया कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक वे पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं करेंगे. परिवार ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच हो.
पुलिस की कार्रवाई और माहौल
सूत्रों के अनुसार, मकराना पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे मुख्य आरोपी राकेश को हिरासत में ले लिया है. बाकी आरोपियों की तलाश जारी है. इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसके चलते पुलिस और प्रशासन लगातार मौके पर डटे हुए हैं और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं.
दलित समाज में आक्रोश, जांच की मांग
अशोक की मौत से दलित समाज में गुस्सा है. अखिल मेघवंश मेघवाल महासभा के उपाध्यक्ष संजीव खींची ने कहा कि जब तक उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा और न ही दाह संस्कार किया जाएगा. संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों को सख्त सजा नहीं मिली तो आंदोलन तेज़ किया जाएगा.
पढ़ें ये खबरें
- हवस, हैवानियत और हवालातः 11 साल की किशोरी के साथ रेप, दिल दहला देगी दरिंदगी की वारदात
- कचरे के नाम पर ‘कमाई का खेल’! पंचायतों में 2,000 की डस्टबिन 30,000 और 1.5 लाख का ई-रिक्शा 4.5 लाख में खरीदा; कचरा गाड़ी के नाम पर मिली पंचर साइकिल
- अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर देने के फैसले का CM साय ने किया स्वागत, बोले- युवाओं को सैन्य क्षेत्र में आगे बढ़ने के मिलेंगे नए अवसर
- स्वामित्व योजना में प्रदेश में 15 लाख 98 हजार से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी, ग्रामीणों को मिल रहा संपत्ति का वैधानिक अधिकार
- खुद्दार अधिकारी मजबूरी में पलायन कर जाते हैं जब… IPS अनुराग सुजानिया के इस्तीफे पर चढ़ा सियासी पारा, जानें क्या बोली BJP
