Rajasthan News: राजस्थान के दौसा जिले से एक बेहद सनसनीखेज और झझोंर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सिकराय में तैनात डिप्टी ट्रेजरी ऑफिसर मनोज कुमार मीणा ने शुक्रवार को महवा स्थित अपने घर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इस मामले के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। बता दें कि मृतक अफसर के पास से एक शादी के कार्ड पर लिखा सुसाइड नोट मिला है।

यह मामला दो सरकारी कर्मचारियों की मौत से जुड़ा है। दरअसल, 10 जून को सिकराय उप कोषागार कार्यालय में काम करने वाली जूनियर अकाउंटेंट शीतल मीणा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया, जहां 11 जून को उनकी मौत हो गई। इस मौत के बाद शीतल के घरवालों ने उप कोषाधिकारी मनोज कुमार मीणा पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज करा दिया। पुलिस इस मामले की पड़ताल कर ही रही थी कि अगले ही दिन मनोज मीणा का शव भी फंदे से लटका मिला।
अफसर मनोज मीणा की मौत के बाद पुलिस को मौके से एक कथित सुसाइड नोट मिला है, जिसे एक शादी के कार्ड के पीछे लिखा गया था। इस नोट में मनोज के दस्तखत भी हैं। सुसाइड नोट में उन्होंने अपनी मौत के लिए भुसावर के तहसीलदार अरुण मीणा और उनके एक रिश्तेदार सोनू मीणा को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।
मृतक के भाई विक्रम सिंह मीणा ने महवा थाने में तहसीलदार और सोनू मीणा के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक, जूनियर अकाउंटेंट शीतल की मौत के बाद तहसीलदार अरुण मीणा और सोनू मीणा लगातार मनोज को फोन पर और सामने आकर फंसाने की धमकियां दे रहे थे।
वो मनोज को ब्लैकमेल कर रहे थे। 11 जून की रात मनोज ने अपने ससुर और परिवार को इस बारे में जानकारी भी दी। मगर उसने रात में ही खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस ने BNS 2023 की धारा 108 आत्महत्या के लिए उकसाना के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सुसाइड नोट और कॉल डिटेल्स खंगालने में जुटी है।
पढ़ें ये खबरें
- पूर्व विधायक शैलेश पांडेय का BJP पर निशाना, कहा- नेताओं में आपस में नहीं बन रही, इसलिए नहीं हो सका बिलासपुर का विकास
- CGPSC भर्ती में गड़बड़ी पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, कहा- सरकार को करानी चाहिए निष्पक्ष जांच
- कोठी के गरबा में दिखा राज्यमंत्री का अलग अंदाज, प्रतिमा बागरी ने प्रतिभागियों संग किया डांडिया नृत्य
- ग्रेटर नोएडा केस: पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सगी बहन-बहनोई गिरफ्तार, 5 मौतों का गुनहगार कौन?
- MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 4 IAS अफसरों का तबादला, जानिए किसे कहां भेजा गया
