Rajasthan News: राजस्थान की सियासत में इस वक्त एक कथित ऑडियो ने भूचाल ला दिया है। सूबे के सहकारिता मंत्री और बड़ी सादड़ी से भाजपा विधायक गौतम दक पर डूंगला थाने के पुलिसकर्मियों को सरेआम भद्दी गालियां देने और धमकाने का आरोप लगा है। इस मामले का तीन मिनट का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद से ही कांग्रेस हमलावर है और मंत्रीजी बैकफुट पर आ गए हैं।

थाने बुलाकर दीं गालियां
पूरा मामला चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला थाने का बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को मंत्री गौतम दक अचानक थाने पहुंचे थे। वे इस बात से नाराज थे कि पुलिस उनके किसी कार्यकर्ता के घर गई थी और कथित तौर पर पैसे मांगे थे। मंत्रीजी ने आपा खो दिया। उन्होंने एसएचओ शैतान सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण और विष्णु को बाहर बुलाया।
इसके बाद जो हुआ, उसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। वायरल ऑडियो में दावा किया जा रहा है कि मंत्रीजी ने बातचीत की शुरुआत ही गालियों से की। तीन मिनट के इस लीक ऑडियो में करीब 17 बार आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल सुना जा सकता है। थाने में ही मौजूद किसी शख्स ने इसका छुपकर ऑडियो बना लिया।
कांग्रेस बोली- ये बीजेपी का असली चरित्र है
इस मामले के सामने आते ही कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने जयपुर में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यह सिर्फ पुलिस का नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान का अपमान है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को खुद अपने सोशल मीडिया पर यह ऑडियो डालना चाहिए ताकि जनता उनके नेताओं की भाषा देख सके। चरियावास ने साफ चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस इस ऑडियो को गांव-गांव तक ले जाएगी।
मंत्रीजी की सफाई- यह मेरी आवाज नहीं है
विवाद बढ़ता देख सहकारिता मंत्री गौतम दक ने आनन-फानन में एक 12 सेकंड का वीडियो जारी किया है। उन्होंने अपनी सफाई में कहा वायरल हो रहा ऑडियो पूरी तरह से फर्जी और एडिटेड है। आधुनिक तकनीक (AI) का इस्तेमाल करके उन्हें बदनाम करने की साजिश रची गई है। उन्होंने कहा कि इस ऑडियो से उनका कोई लेना-देना नहीं है। बता दें कि अब यह मामला पुलिस और मंत्री के विवाद से बड़ा होकर राजस्थान का सबसे बड़ा सियासी मुद्दा बन चुका है।
पढ़ें ये खबरें
- 10 सितंबर महाकाल भस्म आरती: त्रिपुंड और चंद्र से बाबा का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए दर्शन
- 10 September 2026 Rashifal: भाद्रपद के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि आज, जानिए अपना राशिफल
- जीवन सूक्त : जैसा परिवेश, वैसा भेष – संदीप अखिल
- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 10 September: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
- Bihar Morning News: जदयू कार्यालय में जनसुनवाई, AISF का आंदोलन, जन सुराज में शामिल होंगी रूबी राय


