Rajasthan News: राजस्थान के दौसा जिले से एक ऐसी तस्वीर आई है जिसे देखकर किसी का भी कलेजा कांप जाए। सीकराय के कालवान गांव में मानवता हार गई और सिस्टम सोता रहा। यहां एक परिवार को अपने बुजुर्ग का शव कंधे पर उठाकर श्मशान ले जाने के लिए ऊंची दीवारें फांदनी पड़ीं। दरअसल गांव के रसूखदार दबंगों ने आम रास्ता ही बंद कर दिया है। हालत इतनी खराब थी कि बुजुर्ग की मौत के बाद एम्बुलेंस तक घर नहीं पहुंच पाई।

कंधे पर अर्थी और सामने ऊंची दीवार
यह पूरा मामला नले वाली प्रजापतों की ढाणी का है। यहां रहने वाले गिरिराज प्रसाद प्रजापत का निधन हो गया था। घर में मातम था, लेकिन असली मुसीबत तब आई जब अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू हुई। श्मशान जाने वाला मुख्य रास्ता पूरी तरह बंद मिला। रास्ते पर दबंगों ने कब्जा कर रखा था।
मजबूरन परिजनों ने शव को कंधे पर उठाया। वे खेतों के कीचड़ भरे रास्तों से होते हुए ऊंची दीवार फांदकर आगे बढ़े। यह मंजर देखकर पूरे गांव का खून खौल गया।
जब गुस्से में SDM दफ्तर पहुंची लाश
प्रशासन की लापरवाही से ग्रामीण इतने नाराज हुए कि उन्होंने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। लोग सीधे शव लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। दफ्तर के बाहर लाश रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। बीच शहर में शव रखकर प्रदर्शन की खबर मिलते ही सरकारी अमले में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में एसडीएम नवनीत कुमार, तहसीलदार हेमेंद्र मीणा और मानपुर एसएचओ मौके पर पहुंचे। गुस्साए ग्रामीणों को शांत करने में पुलिस के पसीने छूट गए।
7 दिन का अल्टीमेटम, वरना बड़ा आंदोलन
ग्रामीणों का कहना है कि यह परेशानी नई नहीं है। प्रजापतों की ढाणी को जोड़ने वाली सीसी रोड पर सालों से कब्जा है। पहले भी अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन रसूखदारों ने फिर से दीवारें खड़ी कर दीं। प्रशासन ने अब लिखित में वादा किया है कि 7 दिन के अंदर रास्ता साफ कर दिया जाएगा।
फिलहाल, अधिकारियों के भरोसे के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए हैं। लेकिन ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर एक हफ्ते में बुलडोजर नहीं चला, तो इस बार आंदोलन आर-पार का होगा।
पढ़ें ये खबरें
- ‘मतगणना में EVM बदली गई’ – दावे के बाद गार्गा चटर्जी पर कार्रवाई ; ECI की शिकायत के बाद हुए गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ अपेक्स बैंक में 67 समिति प्रबंधकों की भर्ती को हरी झंडी: सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार की बड़ी पहल
- मप्र अधिवक्ता परिषद चुनाव खत्म: 122 प्रत्याशी की किस्मत EVM में कैद, अब फैसले का इंतजार
- बांगर की बेटी योगिता काकड़ोद ने किया कमाल, आर्ट्स में प्रदेशभर में तीसरा स्थान हासिल
- छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो डिजाइन की प्रतियोगिता, विजेता को मिलेगा 2.50 लाख का इनाम
