Rajasthan News: राजस्थान चतुर्थ श्रेणी (चपरासी) भर्ती परीक्षा में नकल का बड़ा मामला सामने आया। जयपुर पुलिस ने परीक्षा केंद्र पर एक इंजीनियर को रंगे हाथों पकड़ लिया, जो स्मार्ट वॉच का इस्तेमाल कर प्रश्न पत्र बाहर भेज रहा था। आरोपी ने वॉट्सऐप के जरिए पेपर की तस्वीरें बाहर ट्रांसफर की थीं। अशोक नगर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से स्मार्ट वॉच और मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं।

खंडेला निवासी इंजीनियर गिरफ्तार
अशोक नगर थाना प्रभारी किशन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम रवि झाझरिया (25) है, जो सीकर जिले के खंडेला का रहने वाला है। फिलहाल वह अपने परिवार के साथ जयपुर के मुरलीपुरा स्थित आईएएस कॉलोनी में रहता है। रवि ने बीटेक (इंजीनियरिंग) की पढ़ाई की हुई है।
शनिवार को उसका परीक्षा केंद्र महात्मा गांधी गवर्नमेंट स्कूल, अशोक नगर में आया था। वह सुबह पहली पारी की परीक्षा देने पहुंचा और गुपचुप तरीके से अंडरगारमेंट में स्मार्ट वॉच छिपाकर ले गया।
स्मार्ट वॉच के कैमरे से खींचा प्रश्नपत्र
पुलिस के अनुसार, परीक्षा के दौरान सुबह करीब 10:30 बजे रवि ने स्मार्ट वॉच के कैमरे से प्रश्न पत्र की फोटो खींची और तुरंत वॉट्सऐप पर बाहर भेज दी। परीक्षा हॉल में उसके हावभाव संदिग्ध लगे तो पर्यवेक्षकों ने उसकी तलाशी ली। जांच में स्मार्ट वॉच मिली और नकल की पूरी साजिश का खुलासा हो गया।
वॉट्सऐप से पेपर बाहर पहुंचाया
पकड़े जाने के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि उसने प्रश्न पत्र को वॉट्सऐप के जरिए परीक्षा केंद्र से बाहर किसी संपर्क को भेजा था। पुलिस ने उसके घर से एक मोबाइल भी जब्त किया, जिसमें पेपर भेजने के सबूत मिले हैं।
पुलिस जांच जारी
अशोक नगर थाना पुलिस ने आरोपी पर नकल और परीक्षा गड़बड़ी से जुड़े प्रावधानों में FIR दर्ज कर ली है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि पेपर किन लोगों को भेजा गया और उसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं।
पढ़ें ये खबरें
- हवस, हैवानियत और हवालातः 11 साल की किशोरी के साथ रेप, दिल दहला देगी दरिंदगी की वारदात
- कचरे के नाम पर ‘कमाई का खेल’! पंचायतों में 2,000 की डस्टबिन 30,000 और 1.5 लाख का ई-रिक्शा 4.5 लाख में खरीदा; कचरा गाड़ी के नाम पर मिली पंचर साइकिल
- अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर देने के फैसले का CM साय ने किया स्वागत, बोले- युवाओं को सैन्य क्षेत्र में आगे बढ़ने के मिलेंगे नए अवसर
- स्वामित्व योजना में प्रदेश में 15 लाख 98 हजार से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी, ग्रामीणों को मिल रहा संपत्ति का वैधानिक अधिकार
- खुद्दार अधिकारी मजबूरी में पलायन कर जाते हैं जब… IPS अनुराग सुजानिया के इस्तीफे पर चढ़ा सियासी पारा, जानें क्या बोली BJP
