Rajasthan News: राजस्थान के भरतपुर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली और राजनीतिक रसूखदारों के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरपंच के बेटे शिवा गुर्जर ने रुदावल थाने के भीतर लाइसेंसी राइफल के साथ रील बनाई, और फिर उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। यही नहीं, एक दूसरे वीडियो में वह नोटों से भरा बैग भी दिखा रहा है।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और युवक को हिरासत में लिया गया। लेकिन सवाल अब भी कायम है आख़िर कोई आम आदमी थाने में हथियार के साथ इस तरह की ‘फिल्मबाज़ी’ करने की हिम्मत कैसे कर सकता है?
कौन है शिवा गुर्जर?
वीडियो में दिख रहा युवक शिवा गुर्जर (28), नगला तुला गांव का रहने वाला है। पेशे से ठेकेदार है और राजनीतिक परिवार से आता है। उसके पिता साहब सिंह, ग्राम पंचायत डुमरिया से सरपंच रह चुके हैं, जबकि मां पार्वती वर्तमान में भरतपुर जिला परिषद के वार्ड 9 से सदस्य हैं।
रुदावल थानाध्यक्ष बाल कृष्ण के मुताबिक, शिवा अप्रैल 2024 में थाने आया था, जब वह चुनाव के दौरान जमा की गई अपनी लाइसेंसी राइफल को लेने पहुंचा। राइफल लौटाने के बाद उसने थाना परिसर में ही स्टाइल में रील शूट की, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
नोटों से भरे बैग का वीडियो भी वायरल
एक अन्य वीडियो में शिवा पैसों की गड्डियों से भरे बैग के साथ नजर आता है। इस पर जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि यह वीडियो 2022 का है, जब उसकी बहन की शादी थी। दावा किया गया कि बैंक से पैसे निकालकर लाए गए थे, और उसी दौरान वीडियो बना लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई फॉर्मलिटी या चेतावनी?
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवा गुर्जर को पाबंद करते हुए गिरफ्तार कर लिया। थाने में हथियार लहराने और रील बनाने को लेकर उसे आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं के तहत चेतावनी दी गई है।
हालांकि, युवक के पास हथियार और गाड़ी दोनों के लाइसेंस वैध पाए गए, लेकिन सवाल यह नहीं कि लाइसेंस था या नहीं सवाल यह है कि क्या कोई भी व्यक्ति थाने में राइफल के साथ शो-ऑफ कर सकता है?
पढ़ें ये खबरें
- संजय गांधी अस्पताल में एक और महिला की मौत: इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिजनों ने शरीर पर कीड़े लगने पर लापरवाही के लगाए थे आरोप
- बहादुरगढ़ में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 35वें दिन भी जारी, 39 कर्मचारी बर्खास्त; कूड़ा उठाने पहुंची टीम का विरोध
- PM Modi के जन्मदिन पर 10 लाख दीपों से जगमगाएगा बिहार, 8 हजार कार्यकर्ता करेंगे रक्तदान, जानें BJP का पूरा प्लान
- ‘मैं विशिष्ट मानव नहीं हूं कि 24 घंटे काम कर सकूं’, सिपाही ने थाने के ग्रुप में डाला इस्तीफा
- आज होगा रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह, 6923 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री


