Rajasthan News: राजस्थान के जैसलमेर में जासूसी का बड़ा खुलासा हुआ है। नाचना इलाके का रहने वाला मुस्ताक अली पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था। चाय की दुकान को उसने सेना और BSF के खिलाफ साजिश का अड्डा बना रखा था। राजस्थान CID इंटेलिजेंस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में जो बातें सामने आई हैं, वो चौंकाने वाली हैं।

2 साल से पाकिस्तान को भेज रहा था सैन्य राज
गिरफ्तार मुस्ताक अली पिछले दो सालों से सीमा पार बैठे ISI के हैंडलर्स के सीधे संपर्क में था। वो सरहद के उस पार पाकिस्तान में बैठे खालिद और नजीर अहमद को भारत की संवेदनशील सैन्य जानकारियां भेज रहा था। हैरान करने वाली बात ये है कि नजीर अहमद मुस्ताक का ही चचेरा भाई (बुआ का बेटा) है। उसी ने मुस्ताक को जासूसी की ट्रेनिंग दी थी।
चाय की दुकान बन गई थी जासूसी का केंद्र
दुश्मन मुस्ताक के जरिए एक खतरनाक खेल खेल रहे थे। उसे जैसलमेर के नाचना इलाके में बॉर्डर जाने वाली मुख्य सड़क पर चाय की दुकान खोलने का टास्क दिया गया था। एजेंसियों का कहना है कि अगर मुस्ताक समय रहते पकड़ा नहीं जाता, तो वो दुकान पर ‘लाइव वीडियो कैमरा’ लगवा देता। इसके जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स को सीमा की गतिविधियों की लाइव फीड मिलती रहती।
लोकेशन के साथ तस्वीरें, ताकि टारगेट चूक न हो
मुस्ताक अपने फोन में ‘गूगल ऐप कैम’ का इस्तेमाल कर रहा था। इससे जो भी फोटो या वीडियो वो पाकिस्तान भेजता, उसके साथ सटीक लैटीट्यूड और लोंगिट्यूड भी चला जाता था। इसका सीधा मतलब था पाकिस्तानी हैंडलर्स को हमारे सैन्य ठिकानों की ऐसी सटीक लोकेशन मिल रही थी, जिससे किसी भी हमले के वक्त टारगेट चूकने का कोई चांस न बचे।
UPI से पैसों की लेन-देन और बड़ा नेटवर्क
जांच में ये भी पता चला है कि मुस्ताक को जासूसी के बदले पैसे मिल रहे थे। UPI के जरिए 25 से 30 हजार रुपये का संदिग्ध लेन-देन मिला है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी वो लगातार हैंडलर्स के संपर्क में था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उसके पूरे नेटवर्क को खंगाल रही हैं। मुस्ताक 22 जून तक पुलिस रिमांड पर है, जहां उससे और भी कई बड़े राज उगलवाने की कोशिश की जा रही है।
पढ़ें ये खबरें
- पूर्व विधायक शैलेश पांडेय का BJP पर निशाना, कहा- नेताओं में आपस में नहीं बन रही, इसलिए नहीं हो सका बिलासपुर का विकास
- CGPSC भर्ती में गड़बड़ी पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, कहा- सरकार को करानी चाहिए निष्पक्ष जांच
- कोठी के गरबा में दिखा राज्यमंत्री का अलग अंदाज, प्रतिमा बागरी ने प्रतिभागियों संग किया डांडिया नृत्य
- ग्रेटर नोएडा केस: पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सगी बहन-बहनोई गिरफ्तार, 5 मौतों का गुनहगार कौन?
- MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 4 IAS अफसरों का तबादला, जानिए किसे कहां भेजा गया
