Rajasthan News: भारतीय वायुसेना का एक जगुआर ट्रेनर फाइटर जेट बुधवार दोपहर ट्रेनिंग मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दो पायलट फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह देवड़ा (23) और स्क्वॉड्रन लीडर लोकेंद्र सिंह सिंधु (44) शहीद हो गए।
हादसा चूरू जिले के तरनगढ़ तहसील के भानूदा चारण गांव के पास हुआ। विमान अभ्यास के तहत सूरतगढ़ से उड़ान भरने के लगभग 160 किलोमीटर बाद क्रैश हो गया। हादसे के बाद जेट में भीषण आग लग गई और उसके मलबे के टुकड़े 500 मीटर तक फैल गए। गनीमत यह रही कि दुर्घटना रिहायशी क्षेत्र से दूर हुई, जिससे किसी आम नागरिक की जान नहीं गई।

शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह राजस्थान के पाली जिले के खिवांदी, सुमेरपुर के निवासी थे। उनके पिता जसवंत सिंह होटल व्यवसायी हैं, माता भंवर कंवर गृहिणी हैं और छोटा भाई युवराज सिंह जोधपुर में 12वीं की पढ़ाई कर रहा है।
ऋषिराज ने स्कूली शिक्षा जोधपुर में पूरी करने के बाद नेशनल डिफेंस एकेडमी (पुणे) से साढ़े तीन साल की ट्रेनिंग ली थी और वायुसेना में कमीशन प्राप्त किया था। हाल ही में उन्होंने फाइटर पायलट के रूप में प्रशिक्षण पूरा किया था।
परिवार उनके विवाह की तैयारी कर रहा था, लेकिन अचानक आई इस खबर ने पूरे गांव और इलाके को शोक में डुबो दिया। माता-पिता बेसुध हैं, और गांव में भारी भीड़ शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए एकत्र हो रही है। ऋषिराज का पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह जोधपुर एयरपोर्ट लाया जाएगा, जहां से सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।
हरियाणा के स्क्वॉड्रन लीडर लोकेंद्र सिंह का बलिदान
शहीद स्क्वॉड्रन लीडर लोकेंद्र सिंह सिंधु, हरियाणा के रोहतक जिले की देव कॉलोनी के निवासी थे। उनके पिता जोगेंद्र सिंह महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) से सेवानिवृत्त सुपरिटेंडेंट हैं। लोकेंद्र की पत्नी डॉ. सुरभि सिंधु चिकित्सा पेशे में हैं। उनके साले भी एयरफोर्स में कार्यरत हैं और सूरतगढ़ में तैनात हैं उन्होंने ही परिवार को इस दुखद खबर की जानकारी दी।
तकनीकी कारणों की आशंका, कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित
वायुसेना ने दुर्घटना की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमान रूटीन ट्रेनिंग मिशन पर था और तकनीकी खामी की आशंका जताई जा रही है। कुछ चश्मदीदों ने बताया कि विमान बेहद निचली उड़ान भर रहा था और हवा में ही उसमें आग लग गई थी। विमान सड़क से टकराया और 200 मीटर तक घिसटता चला गया।
पढ़ें ये खबरें
- जीवन सूक्त: जीवन आनंद ढूँढने से नहीं, ठहरने से मिलता है- संदीप अखिल
- 23 अक्टूबर महाकाल भस्म आरती: बाबा महाकालेश्वर का शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष से दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए दर्शन
- 23 October 2026 Rashifal : ऐसा रहेगा आज राशियों का हाल और ग्रहों की चाल, जानिए अपना राशिफल
- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 23 October: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
- बिहार MLC चुनाव: वोटिंग से पहले RJD प्रत्याशी के घर पहुंची पुलिस, 7 गाड़ियों के काफिले से मचा बवाल
