Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में ईद की नमाज़ के बाद अचानक सियासत गरमा गई है। सड़क पर नमाज़ पढ़ने को लेकर बीजेपी सरकार और कांग्रेस के बीच जुबानी तीर चलने लगे हैं। दरअसल, ईदगाह में जगह कम होने की वजह से हजारों लोगों ने जयपुर-दिल्ली हाईवे और आसपास की सड़कों पर नमाज़ अदा की। इसके बाद से ही शहर का माहौल सियासी रूप से गर्म है।

गृह मंत्री का बड़ा बयान, क्या बदलेगा नियम?
सड़क पर नमाज़ की तस्वीरें सामने आने के बाद सूबे के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा कि सड़क पर नमाज़ कतई सही नहीं है। सबको अपनी पूजा-इबादत का पूरा हक है, लेकिन रास्ता बंद करके दूसरों को परेशान करना गलत है। मंत्री के इस बयान के बाद चर्चा तेज है कि क्या राजस्थान सरकार भी अब यूपी की तरह सड़कों पर नमाज़ रोकने के लिए कोई सख्त कानून लाने वाली है।
जयपुर की गंगा-जमुनी तहज़ीब पर छिड़ी बहस
इस पूरे विवाद पर कांग्रेस विधायकों ने सरकार को घेरा है। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और विधायक रफीक खान का कहना है कि बीजेपी जानबूझकर इस मुद्दे को हवा दे रही है। जयपुर में रामनवमी पर मुस्लिम भाई फूलों की बारिश करते हैं और ईद पर सब मिलकर खुशियां मनाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता को सड़क नहीं, बल्कि रोटी, पानी और गैस सिलेंडर चाहिए।
5 हजार की क्षमता और 1 लाख नमाज़ी
पूरे विवाद की जड़ जगह की कमी है। जयपुर की ईदगाह के भीतर सिर्फ 5,000 लोगों के बैठने की जगह है। लेकिन ईद के मौके पर यहां करीब 1 लाख लोग जुटते हैं। ईदगाह कमेटी के सदस्य नईम खान ने बताया मस्जिद के अंदर जगह बहुत कम पड़ जाती है। लोग मजबूरी में सड़क पर बैठते हैं, यह कोई शौक नहीं है। उन्होंने कहा सालों से यही व्यवस्था चल रही है, इसे विवाद का रूप देना गलत है। फिलहाल, पुलिस ने सुबह के वक्त ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर मोड़कर स्थिति को संभाला, लेकिन इस मुद्दे ने आने वाले दिनों के लिए एक बड़ी सियासी बहस छेड़ दी है।
पढ़ें ये खबरें
- 10 सितंबर महाकाल भस्म आरती: त्रिपुंड और चंद्र से बाबा का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए दर्शन
- 10 September 2026 Rashifal: भाद्रपद के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि आज, जानिए अपना राशिफल
- जीवन सूक्त : जैसा परिवेश, वैसा भेष – संदीप अखिल
- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 10 September: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
- Bihar Morning News: जदयू कार्यालय में जनसुनवाई, AISF का आंदोलन, जन सुराज में शामिल होंगी रूबी राय


