Rajasthan News: यूपीएससी जैसी देश की सबसे बड़ी परीक्षा के दौरान एक परीक्षा केंद्र पर अचानक हड़कंप मच गया। राजस्थान के उदयपुर में एक युवक को फर्जी आईडी और नकली एडमिट कार्ड के साथ पुलिस ने दबोच लिया। पहली नजर में सबको लगा कि यह किसी दूसरे की जगह परीक्षा देने आया कोई डमी कैंडिडेट है। मामला सीधा सूरजपोल थाने पहुंचा। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो इसके पीछे की जो कहानी सामने आई उसने सबको हैरान कर दिया। यह कोई धोखाधड़ी का रैकेट नहीं, बल्कि एक बेटे के झूठ और बाप के डर का अजीबोगरीब मामला था।

बारकोड स्कैन होते ही खुली पोल
उदयपुर के सबसे व्यस्त इलाके में मौजूद फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय में दूसरी पारी की परीक्षा शुरू होने वाली थी। दोपहर के ढाई बज रहे थे। परीक्षा केंद्र के गेट पर चेकिंग चल रही थी। तभी आरोपी जयेश जाट अंदर घुसने की कोशिश करने लगा। मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने जैसे ही उसके एडमिट कार्ड का बारकोड स्कैन किया, मशीन ने लाल सिग्नल दे दिया। बारकोड मैच ही नहीं हो रहा था। पुलिस ने तुरंत उसे किनारे किया और तलाशी ली। युवक की जेब से कुछ ऐसा निकला जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। उसकी जेब से एक ग्राम अफीम मिली। पुलिस के मुताबिक युवक नशे का आदी है।
जयेश ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद लंबे समय तक दिल्ली और जयपुर में रहकर तैयारी की थी। इस बार वह यूपीएससी का फॉर्म भरने की आखिरी तारीख ही भूल गया। घर पर पिता लगातार पढ़ाई का हिसाब मांग रहे थे। पिता के गुस्से और डर के मारे जयेश ने घर में झूठ बोल दिया कि उसका फॉर्म भर गया है और परीक्षा केंद्र उदयपुर में ही आया है। उसे लगा था कि परीक्षा के दिन वह घर से निकलेगा और शाम को चुपचाप लौट आएगा। कहानी में ट्विस्ट तब आया जब उसके पिता ने जिद पकड़ ली कि वे भी साथ चलेंगे।
झूठ छुपाने के लिए बनाया नकली एडमिट कार्ड
पिता के साथ जाने की बात से जयेश के हाथ-पांव फूल गए। अपने इस बड़े झूठ को सच साबित करने के लिए उसने मोबाइल ऐप की मदद से एक फर्जी एडमिट कार्ड तैयार कर लिया। पहली पारी की परीक्षा के दौरान उसने किसी तरह पिता को चकमा दे दिया और सेंटर के आसपास घूमता रहा। दूसरी पारी में मुसीबत और बढ़ गई। इस बार उसके पिता ठीक गेट के पीछे ही खड़े हो गए ताकि बेटा उनकी नजरों के सामने अंदर जाए। पिता को दिखाने के लिए जयेश को मजबूरन फर्जी कार्ड लेकर असली चेकिंग पॉइंट की तरफ बढ़ना पड़ा। वह जैसे ही गेट के अंदर गया, पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
सूरजपोल थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया कि युवक के खिलाफ जालसाजी और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फर्जी कार्ड बनाने में किसी और ने उसकी मदद तो नहीं की थी।
पढ़ें ये खबरें
- CG News : ईंट से बजरंगबली की तोड़ी मूर्ति, ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल, कड़ी कार्रवाई की मांग
- कार की टक्कर से जैन साध्वियों की मौत, सड़कों पर उतरा जैन समाज, संत सुरक्षा कानून की मांग
- भीषण गर्मी में बढ़ रहा उल्टी-दस्त का खतरा, जानिए कैसे रखें सेहत का ख्याल …
- स्क्रीनिंग चेंबर एंड प्लांटेड ड्राइंग बेड निर्माण में भ्रष्टाचार: दीवारों पर दरारें-सूचना पटल गायब, EE बोले- SDO से लेंगे जानकारी
- डॉ. नरोत्तम मिश्रा को मिलने जा रही बड़ी जिम्मेदारी? BJP प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने घर पहुंचकर की मुलाकात
