Rajasthan News: उदयपुर के कुम्हारों का भट्टा इलाके में स्थित जेपी ऑर्थोपेडिक प्राइवेट हॉस्पिटल में मरीज के इलाज को लेकर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि बात मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गई। बीच-बचाव करने पहुंचे इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता पर भी हमला कर दिया गया और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए।

इस घटना से गुस्साए सैकड़ों डॉक्टर आज कलेक्ट्रेट दफ्तर पहुंच गए। डॉक्टरों ने शहर की सड़कों पर रैली निकाली और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
एसपी से वार्ता और 5 दिन का अल्टीमेटम
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद डॉक्टरों के एक दल ने उदयपुर की एसपी अमृता दुहन से मुलाकात की। बंद कमरे में काफी देर तक बातचीत चली। डॉक्टरों ने साफ लफ्जों में कहा कि उन्हें अस्पतालों में काम करने के लिए भयमुक्त माहौल चाहिए। सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की है।
एसपी से बातचीत के बाद IMA अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम (SIT) बना दी है। इस टीम में एएसपी, डीएसपी और इंस्पेक्टर लेवल के बड़े अधिकारी शामिल हैं। पुलिस ने जांच और बाकी आरोपियों को दबोचने के लिए 5 दिन का वक्त मांगा है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि अगर इन 5 दिनों में सख्त कार्रवाई और चार्जशीट फाइल नहीं हुई, तो छठे दिन एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। फिलहाल डॉक्टरों ने हड़ताल और काम का बहिष्कार टाल दिया है।
9 आरोपी हिरासत में
इधर अस्पताल में लगे सीसीटीवी और घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने अब तक 9 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। सूत्रों का कहना है कि वीडियो में दिख रहे बाकी चेहरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
नीलगाय की टक्कर से शुरू हुआ था पूरा विवाद
बता दें कि लसाणिया इलाके के रहने वाले एक शख्स की बाइक रास्ते में नीलगाय से टकरा गई थी। हादसे में उसके दोनों हाथ टूट गए थे, जिसके बाद उसे जेपी ऑर्थोपेडिक अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने रात में ही मरीज का ऑपरेशन किया, लेकिन उसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
पढ़ें ये खबरें
- ‘काका’ वाले बयान पर राठौड़ का पलटवार, डोटासरा को ऐसे दिया जवाब
- नशा और रफ्तार का कहर: अनियंत्रित एम्बुलेंस मेडिकल स्टोर के खंभे से भिड़ी, बाल-बाल बचे लोग, नशे में धुत मिला चालक
- स्कूल से ही करियर की तैयारी, सर्वोदय विद्यालयों के 3 हजार छात्रों को सरकार देगी 300 घंटे की स्किल ट्रेनिंग
- डबल इंजन सरकार तिगुनी गति से करवा रही हरियाणा का विकास: सैनी
- चिराग पासवान के संकटमोचन पर फिर से मुहर, निशांत मिश्रा को दोबारा मिली लोजपा के मीडिया प्रभारी की कमान!



