Rajasthan News: राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर आपका कलेजा कांप जाएगा, लेकिन अंत जानकर आप कहेंगे कि जाको राखे साइयां मार सके न कोय। मंगलवार सुबह तिजारा के पालपुर रोड पर एक कलयुगी मां ने अपनी ही चंद घंटों की मासूम बच्ची को 60 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया। मां को लगा कि बच्ची मर जाएगी, लेकिन कुदरत ने मौत को मात दे दी। इतनी गहराई में गिरने के बाद भी बच्ची को एक खरोंच तक नहीं आई।

जब कुएं से आने लगी रोने की आवाज
घटना मंगलवार सुबह की है। पालपुर रोड स्थित सूखे कुएं के पास से कुछ ग्रामीण गुजर रहे थे। सन्नाटे में अचानक नीचे से किसी के रोने की आवाज आई। ग्रामीण ठिठक गए और जब कुएं के अंदर झांका तो सबके होश उड़ गए। अंधेरे और गहरे कुएं की तलहटी में एक छोटी सी जान पड़ी हुई थी। खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।
रस्सी के सहारे नीचे उतरा जांबाज युवक
बच्ची को सुरक्षित निकालने के लिए गांव के ही एक जांबाज युवक ने हिम्मत दिखाई। ग्रामीणों ने रस्सी का जुगाड़ किया और युवक को नीचे उतारा। नीचे पहुंचने पर युवक ने देखा कि बच्ची बिल्कुल सुरक्षित थी। उसने मासूम को अपनी गोद में लिया और सावधानी से ऊपर खींच लिया गया। बाहर आते ही जब लोगों ने बच्ची का शरीर चेक किया तो किसी को यकीन नहीं हुआ कि उसे मामूली चोट भी नहीं लगी है।
डॉक्टर भी रह गए सन्न
रेस्क्यू के तुरंत बाद बच्ची को तिजारा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टर और स्टाफ भी यह देखकर हैरान थे कि 60 फीट नीचे से आई बच्ची को एक खरोंच तक नहीं है। बीसीएमओ डॉ. मनोज यादव ने बताया कि बच्ची का जन्म करीब 24 घंटे पहले हुआ लग रहा है। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर उसे अलवर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। फिलहाल बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और वहां की नर्सों की देखरेख में है।
कलयुगी मां की तलाश में जुटी पुलिस
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है। हर कोई उस पत्थर दिल मां को कोस रहा है जिसने इस मासूम को मौत के मुंह में धकेला। तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पालपुर रोड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। साथ ही आसपास के अस्पतालों और दाइयों से हाल ही में हुए प्रसव का डेटा भी निकलवाया जा रहा है।
पढ़ें ये खबरें
- CG Morning News : व्यापारियों ने की नए नोट और सिक्कों की मांग… धमतरी में आज स्थानीय अवकाश… हॉकी लीग के मैचों की छत्तीसगढ़ी में होगी भी कमेंट्री
- Jharkhand Weather: दुर्गा पूजा में मौसम रहेगा मेहरबान, 19 से 22 अक्टूबर तक साफ आसमान, सुबह धुंध और हल्की ठंड
- महाष्टमी पर तेज प्रताप के घर पहुंचे लालू यादव, रोहिणी-मीसा भी साथ, नजर नहीं आए तेजस्वी और राबड़ी
- बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों में मारपीट, वीडियो वायरल; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
- Haryana Morning News : अंतिम छोर तक पहुंचा सिंचाई का पानी, अस्पताल में ऑनलाइन पेमेंट और प्री-रजिस्ट्रेशन की सुविधा, दशहरा मनाने घर आया था MBBS स्टूडेंट सड़क हादसे में मौत, समेत सुबह की बड़ी ख़बरों पर एक नजर
